मुजफ्फराबाद के पास क्रैश हुआ पाक सेना का हेलीकॉप्टर, सभी सैनिकों की मौत

helicopter crash in pok

पाकिस्तानी सेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

मुजफ्फराबाद के पास क्रैश हुआ पाक सेना का हेलीकॉप्टर, सभी सैनिकों की मौत

 

रावलपिंडी | पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर की राजधानी मुजफ्फराबाद के पास सेना का एक हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया. स्थानीय मीडिया ने सैन्य प्रवक्ता के हवाले से इसकी जानकारी दी. पाकिस्तान सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने बताया कि पाकिस्तान सेना की एविएशन विंग का एमआई-17 हेलीकॉप्टर बुधवार को मुजफ्फराबाद के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया. दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में सवार सभी सैन्यकर्मियों की मौत हो गई. प्रमुख दैनिक डॉन ने आईएसपीआर के हवाले से बताया कि हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई. सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि हादसा इतना गंभीर था कि हेलीकॉप्टर में सवार किसी भी व्यक्ति की जान नहीं बच सकी.

बयान में कहा गया, “हेलीकॉप्टर में मौजूद सभी कर्मियों की मौत हो गई. इस दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा.”

हादसे की सूचना मिलते ही सेना की बचाव और राहत टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं और राहत एवं रिकवरी अभियान शुरू किया गया.
पाकिस्तानी सेना ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच बोर्ड गठित करने का आदेश दिया है. यह बोर्ड तकनीकी खराबी और अन्य संभावित कारणों की विस्तृत जांच करेगा.

इस हादसे को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं. दरअसल, हादसा पीओके में हुआ है. इन दिनों पाकिस्तान सरकार के खिलाफ यहां विरोध चरम पर है. प्रारंभिक रिपोर्ट्स में इसे आपातकालीन लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा बताया गया है, लेकिन क्षेत्र में जारी हिंसक झड़पों, विरोध प्रदर्शनों और बढ़ते सुरक्षा तनाव के बीच इस बात पर भी चर्चा हो रही है कि कहीं हेलीकॉप्टर किसी हमले का शिकार तो नहीं हुआ?

दुर्घटना ऐसे समय हुई है जब पीओके में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं. हाल के दिनों में जेके संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (जेकेजेएएसी) के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन तेज हुए हैं. कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुई हैं, जिनमें मौतों और बड़ी संख्या में गिरफ्तारियों की खबरें सामने आई हैं.

क्षेत्र में संचार प्रतिबंध, इंटरनेट सेवाओं पर रोक और सुरक्षा बलों की व्यापक तैनाती के कारण लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है. ऐसे माहौल में हेलीकॉप्टर दुर्घटना ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं.

जियो न्यूज के अनुसार, फिलहाल हेलीकॉप्टर में सवार सैन्यकर्मियों की संख्या और उनकी पहचान से संबंधित विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों और अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा.

आईएएनएस

पाकिस्तानी सेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर पीओके में क्रैश, सभी सैन्यकर्मियों की मौत


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!