पाकिस्तान ने इस देश पर किया हवाई हमला, घरों पर बरसाए बम, 11 बच्चों समेत इतने नागरिकों ने गंवाई जान….

ATTACK ON AFGANISTAN

हमलों के बाद इलाका पूरी तरह तबाह नजर आया / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

पाकिस्तान ने इस देश पर किया हवाई हमला, घरों पर बरसाए बम, 11 बच्चों समेत इतने नागरिकों ने गंवाई जान….

 

काबुल | अफगानिस्तान के कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में पाकिस्तानी सैन्य हवाई हमलों में 13 लोग मारे गए, जिनमें ज्‍यादातर बच्चे शामिल हैं. तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बुधवार को इसकी पुष्टि की. मुजाहिद ने पाकिस्तानी सेना की इस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि मंगलवार रात हुए हमलों में नागरिक घरों को निशाना बनाया गया, जिसमें 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग आदमी की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य महिलाएं और बच्चे घायल हुए हैं.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर तालिबान प्रवक्ता ने लिखा, “पिछली रात पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर अफगानिस्तान की हवाई सीमा का उल्लंघन किया और कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में घरों पर बमबारी की. इन हमलों में 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति मारे गए, जबकि 14 अन्य महिलाएं और बच्चे घायल हुए हैं. हम इस मानवीय अपराध और आक्रामकता की कड़ी निंदा करते हैं.” यह ताजा घटना ऐसे समय में हुआ है, जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पिछले कुछ महीनों से तनाव लगातार बढ़ रहा है.

दोनों देशों के बीच बार-बार गोलीबारी और नागरिकों की मौत को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है. दोनों पक्ष एक-दूसरे पर अस्थिरता फैलाने के आरोप लगा रहे हैं, जबकि कूटनीतिक और स्थानीय स्तर की मध्यस्थता की कोशिशें भी अब तक हालात को शांत करने में नाकाम रही हैं. तालिबान शासन के अनुसार, पिछले महीने भी अफगानिस्तान के कुनार प्रांत के डांगम ज‍िले में पाकिस्तानी हमलों में तीन लोगों की मौत हुई थी और 14 लोग घायल हुए थे. अफगानिस्तान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, डांगम के एक तालिबान ज‍िला अधिकारी ने कहा था कि दो स्कूल, एक क्लिनिक और दो मस्जिदें पाकिस्तानी हमले में नष्ट हो गईं. डांगम के तालिबान जिला गवर्नर मोहम्मद उमर सादिक ने कहा कि पाकिस्तानी सेना अब सीधे हमला करने की क्षमता खो चुकी है और अब नागरिक इलाकों को निशाना बना रही है.

उन्होंने यह भी बताया कि हमलों में 80 मवेशी भी मारे गए. अधिकारी के अनुसार, कुनार प्रांत में हमलों की शुरुआत के बाद से अब तक 12 स्कूल नष्ट हो चुके हैं. इससे पहले 12 मई को अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएएमए) ने बताया था कि 1 जनवरी से 31 मार्च के बीच पाकिस्तान और अफगान बलों के बीच सीमा पार हिंसा के कारण कम से कम 372 अफगान नागरिक मारे गए और 397 घायल हुए. यूएनएएमए ने बताया कि इस सीमा पार हिंसा में कुल मिलाकर 750 से ज्यादा नागरिकों की मौत या चोट हुई है, जो पाकिस्तान की सेना और अफगानिस्तान की ‘डी-फैक्टो’ सुरक्षा ताकतों के बीच हुई लड़ाई का नतीजा है. रिपोर्ट के अनुसार, ज्‍यादातर नागरिक हताहत फरवरी और मार्च में हुए हवाई हमलों के कारण हुए.

IANS

पाक सेना ने अफगानिस्तान में गिराए बम! 11 बच्चों समेत 13 नागरिकों की मौत


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!