पीएम मोदी बने देश में सबसे लंबे समय तक लगातार पद संभालने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री, जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड टूटा
फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
पीएम मोदी बने देश में सबसे लंबे समय तक लगातार पद संभालने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री, जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड टूटा
नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार कार्यकाल पूरा करने वाले निर्वाचित (चुने हुए) प्रधानमंत्री बन गए हैं. केंद्र सरकार के प्रमुख के तौर पर उन्होंने 12 साल पूरे कर लिए हैं. पीएम मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों तक पद पर रहने का पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
इस तुलना के लिए नेहरू के 1952 से शुरू हुए कार्यकाल को आधार माना गया है क्योंकि देश के पहले आम चुनाव होने से पहले, 1947 से 1952 के बीच वह अंतरिम सरकार के प्रमुख थे.
हालांकि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 14 साल से अधिक समय तक पद पर रहीं, लेकिन उनका कार्यकाल लगातार नहीं था. 2014, 2019 और फिर 2024 में ऐतिहासिक तीसरी बार जनादेश हासिल करने के बाद पीएम मोदी ने यह नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है. उनके इस शासनकाल में नया संसद भवन, वंदे भारत ट्रेनें, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे कई बड़े राष्ट्र-निर्माण प्रोजेक्ट्स पूरे किए गए.
इसी ऐतिहासिक उपलब्धि और केंद्र में एनडीए सरकार के 12 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए आज राजधानी के भारत मंडपम में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है .
इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा के शीर्ष नेताओं और एनडीए सहयोगी दलों के नेताओं के साथ-साथ एनडीए शासित सभी 22 राज्यों व केंद्र-शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री शामिल होंगे. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पीएम मोदी को इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड के लिए बधाई देने का प्रस्ताव पास किया जाएगा. साथ ही, गठबंधन की उपलब्धियों, भविष्य की नीतियों और आगामी चुनावी तैयारियों के राजनीतिक रोडमैप पर भी चर्चा होगी.
IANS
