“समंदर के बीचों-बीच गिरी मिसाइल, फिर फिल्मी स्टाइल में…,” ओमान में मर्चेंट शिप पर हमले के बाद कैसे बचे 24 भारतीय ?
फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
“समंदर के बीचों-बीच गिरी मिसाइल, फिर फिल्मी स्टाइल में…,” ओमान में मर्चेंट शिप पर हमले के बाद कैसे बचे 24 भारतीय ?
नई दिल्ली | भारतीय तटरक्षक बल के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी), मुंबई ने ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया था. यह अभियान सफल रहा है. दरअसल, ओमान तट के पास एक व्यापारी तेल टैंकर पर मिसाइल हमला हुआ था. जहाज पर सवार सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है.
भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार, यह घटना 8 जून 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे सामने आई. एमआरसीसी मुंबई को सूचना मिली कि पलाऊ ध्वज वाले तेल टैंकर – ‘एमटी मारिवेक्स’ पर ओमान के मसिराह तट के पास लंगर डाले रहने के दौरान मिसाइल से हमला हुआ है. जहाज पर कुल 24 चालक दल के सदस्य सवार थे और सभी भारतीय नागरिक थे. यह सूचना जहाज पर मौजूद एक नाविक के परिजन द्वारा एमआरसीसी – मुंबई को दी गई.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एमआरसीसी – मुंबई ने तुरंत ओमान समुद्री खोज एवं बचाव केंद्र से संपर्क स्थापित किया और अभियान को शुरू किया गया.
ओमान के बचाव केंद्र ने तत्परता दिखाते हुए एक नजदीकी जहाज को घटनास्थल की ओर भेजा और बचाव कार्यों के लिए दो हेलीकॉप्टर तैनात किए. पूरे अभियान के दौरान एमआरसीसी मुंबई, ओएमएससी ओमान और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय बना रहा.
शाम करीब 5 बजे, ओमान के अधिकारियों ने पुष्टि की कि नौसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. सभी नाविक सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल प्रभावित जहाज मसिराह, ओमान के तट के पास लंगर डाले हुए है.
भारतीय तटरक्षक बल ने कहा कि यह सफल अभियान अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहयोग और क्षेत्रीय बचाव एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है. साथ ही यह दुनिया के किसी भी हिस्से में संकट में फंसे भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति भारतीय तटरक्षक बल की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है.
हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री बचाव समन्वय केंद्र के रूप में एमआरसीसी – मुंबई क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर समुद्र में मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है. भारतीय तटरक्षक बल ने दोहराया कि वह समुद्री सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सुरक्षित समुद्री वातावरण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है.
ओमान तट के पास व्यापारी तेल टैंकर पर मिसाइल हमला, 24 भारतीयों को किया गया रेस्क्यू
