15 साल के वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया में शामिल, तोड़ा सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना यह रिकॉर्ड…
फोटो: आईएएनएस
15 साल के वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया में शामिल, तोड़ा सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना यह रिकॉर्ड…
एशियन गेम्स 2026, आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया में चयन हुआ है. पिछले लगातार 2 सीजन से IPL में तबाही मचाने वाले वैभव ने टीम इंडिया में आते ही सचिन तेंदुलकर का ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ दिया है. दरअसल 15 वर्षीय वैभव टीम इंडिया में चुने गए सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं.
BCCI ने शुक्रवार, 6 जून को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के अलावा एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय स्क्वाड का एलान किया. इन तीनों टीमों में वैभव को मौका दिया गया है. बता दें कि वैभव ने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतकर इतिहास रच दिया था.
सचिन तेंदुलकर का पहली बार टीम इंडिया में चयन साल 1989 में हुआ था. उन्हें महज 16 साल की उम्र में नवंबर 1989 में पाकिस्तान टूर पर जाने का मौका मिला और उसी दौरे पर उन्होंने अपना इंटरनेशनल डेब्यू भी किया. मगर वैभव ने केवल 15 साल की उम्र में टीम इंडिया में जगह बनाई है.
वैभव अगर आयरलैंड, इंग्लैंड या फिर एशियन गेम्स में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनते हैं, तो भारत के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू का रिकॉर्ड भी उनके नाम जुड़ जाएगा. अभी यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 16 साल 205 दिन की उम्र में टीम इंडिया के लिए पहला मैच खेला था. उनके बाद पीयूष चावला का नाम आता है, जिन्होंने 17 साल 75 दिन की उम्र में अपना पहला मैच खेला था.
