बहुत ही भयानक घटना: बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 20 लोगों की मौत, कई घायल

fire in malviya nagar IANS Collage (1) (1)

घटनास्थल पर दूर से भी आग की ऊंची लपटें दिखाई दीं / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया /एक्स)

The Hindi Post

बहुत ही भयानक घटना: बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 20 लोगों की मौत, कई घायल

 

दिल्ली | दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में स्थित ‘लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट’ में भीषण आग लगने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 37 लोगों को सुरक्षित बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि अन्य संभावित फंसे हुए लोगों की तलाश जारी है.

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने इमारत की ऊपरी मंजिलों से नीचे छलांग लगाने की भी कोशिश की. सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जिनमें से कुछ की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है.

हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस और राहत-बचाव दल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति की निगरानी कर रहे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की दस गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं, जिन्होंने जल्द ही आग पर काबू पा लिया. हालांकि, तब तक जान-माल का भारी नुकसान हो चुका था.

घटनास्थल पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसडीएम (SDM) जितेंद्र कुमार ने कहा, “मुझे सुबह इस हादसे की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद टीमों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए. मुझे खुद एक ट्रेनिंग के लिए जाना था, लेकिन मैं उसे छोड़कर सीधे यहां पहुंचा. जांच में सामने आया है कि इमारत के बेसमेंट में एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था. आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन प्राथमिक आशंका यही है कि आग बेसमेंट से ही शुरू हुई. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.”

प्रभावित इमारत में अभी भी सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन (राहत-बचाव कार्य) जारी है. बचाव दल के कर्मी इमारत की विभिन्न मंजिलों पर फंसे अन्य संभावित लोगों की तलाश में जुटे हैं.

एसडीएम कुमार ने आगे कहा, “नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाना बेहद जरूरी है. मैं संबंधित विभागों को भी निर्देश दूंगा कि जो लोग नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से ऐसी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं या अनुमति की आड़ में गलत तरीके से संचालन कर रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.”

मामले में अभी विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है.

गौरतलब है कि यह दर्दनाक हादसा दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह हुए एक अन्य हादसे के ठीक अगले दिन हुआ है, जहां संदिग्ध एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के कारण एक इमारत ढह गई थी और दस लोग घायल हो गए थे.

आईएएनएस

दिल्ली : मालवीय नगर के बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, 10 लोगों की मौत, कई घायल


The Hindi Post
error: Content is protected !!