पूर्व सांसद के घर के बाहर हत्या की नीयत से पहुंचा युवक, पुलिस मुठभेड़ में….
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
पूर्व सांसद के घर के बाहर हत्या की नीयत से पहुंचा युवक, पुलिस मुठभेड़ में….
सीतापुर | उत्तर प्रदेश के सीतापुर में पुलिस ने कथित तौर पर पूर्व सांसद राजेश वर्मा की हत्या की साजिश रचने के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है. फिलहाल, सीतापुर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
जानकारी सामने आई कि आरोपी युवक पूर्व सांसद राजेश वर्मा के घर के बाहर पहुंचा था. कथित तौर पर उसका प्लान पूर्व सांसद की हत्या करने का था. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी किसी पुरानी जमीनी रंजिश के कारण पूर्व सांसद की हत्या करने के इरादे से घर के बाहर पहुंचा था. आरोपी अपने साथ एक तमंचा, कुछ कारतूस और एक चाकू लेकर आया था.
आरोपी की पहचान सीतापुर जिले के तंबौर थाना क्षेत्र निवासी शादाब के रूप में हुई है. अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को मुठभेड़ के पश्चात एक ईंट भट्टे के पास आम के बाग से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से 2 फायर किए जिसके बाद आत्मरक्षार्थ में पुलिस ने भी फायर किया. इस दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लग गई जिससे वह घायल हो गया. बाद में पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
कार्रवाई सीतापुर के एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी लहरपुर अभिषेक कुमार के नेतृत्व में थाना तम्बौर पुलिस टीम की ओर से की गई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पूर्व का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है.
लहरपुर के सीओ अभिषेक कुमार ने एक बयान में कहा, “सीतापुर के एसपी अंकुर अग्रवाल की ओर से गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे. इन निर्देशों के अनुपालन के क्रम में थाना तंबौर इलाके में एक आरोपी शादाब को पूर्व सांसद की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. हालांकि, वह आरोपी बीच रास्ते में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहा था. कुछ देर के बाद उसे मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया.”
IANS
पूर्व सांसद के घर के बाहर हत्या की नीयत से पहुंचा युवक, पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
