डोनाल्ड ट्रंप की बेटी की जान लेने की कोशिश, गिरफ्तार आरोपी ने बताया हत्या का पूरा प्लान….

ivanka trump

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप की फाइल फोटो / (क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

डोनाल्ड ट्रंप की बेटी की जान लेने की कोशिश, गिरफ्तार आरोपी ने बताया हत्या का पूरा प्लान….

 

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप की हत्या की एक बेहद खौफनाक अंतरराष्ट्रीय साजिश का सनसनीखेज पर्दाफाश हुआ है. ईरान की विशिष्ट सैन्य टुकड़ी ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ (IRGC) से प्रशिक्षित एक खतरनाक आतंकवादी ने इवांका ट्रंप को मौत के घाट उतारने का पूरा खाका तैयार कर लिया था. हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पकड़े गए आतंकी की पहचान 32 वर्षीय मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से इराकी नागरिक है. अल-सादी छह वर्ष पहले अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए ईरान के शीर्ष सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी को अपना गुरु मानता था और उसकी मौत का बदला लेने के लिए लंबे समय से ट्रंप परिवार को निशाना बनाने की फिराक में था.

डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर मारा गया था सुलेमानी

गौरतलब है कि वर्ष 2020 में बगदाद में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीधे आदेश पर एक हाई-प्रोफाइल सैन्य ऑपरेशन चलाया गया था, जिसमें ईरानी कमांडर कासिम सुलेमानी मारा गया था. इस हमले के बाद से ही अल-सादी ने ट्रंप परिवार, विशेष रूप से उनकी बेटी इवांका ट्रंप को जान से मारने की कसम खाई थी.

इवांका ट्रंप के आलीशान घर का ब्लूप्रिंट बरामद

सुरक्षा एजेंसियों को जांच के दौरान अल-सादी के पास से फ्लोरिडा स्थित इवांका ट्रंप के आलीशान बंगले का पूरा नक्शा और ब्लूप्रिंट बरामद हुआ है. जांच में यह भी सामने आया है कि वह काफी समय से इवांका के घर और उनकी गतिविधियों की रेकी कर रहा था, ताकि सही मौका पाकर हमले को अंजाम दे सके.

“ट्रंप के पूरे परिवार को तबाह करना चाहता था आतंकी”

वाशिंगटन में इराकी दूतावास के पूर्व डिप्टी मिलिट्री अटैची एंतिफाध कनबर ने इस आतंकवादी के खतरनाक इरादों की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि कमांडर कासिम सुलेमानी के मारे जाने के बाद से ही अल-सादी अपने साथियों और अन्य लोगों के बीच लगातार जहर उगल रहा था.
कनबर के मुताबिक, अल-सादी अक्सर कहता था, “हमें हर हाल में इवांका ट्रंप को मारना होगा. हमें डोनाल्ड ट्रंप के पूरे परिवार और घर को उसी तरह जलाकर खाक कर देना चाहिए, जिस तरह उसने हमारे कमांडर के घर और जीवन को तबाह किया है.”

फिलहाल अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां इस आतंकी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही हैं ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित खतरों का पता लगाया जा सके.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!