यूपी: ट्रक से टक्कर होने पर धूं-धूं कर जलने लगी बस, ड्राइवर और कंडक्टर की मौत

bus catches fire on agra-lucknow expressway (1) (1)
The Hindi Post

यूपी: ट्रक से टक्कर होने पर धूं-धूं कर जलने लगी बस, ड्राइवर और कंडक्टर की मौत

 

फिरोजाबाद | उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस की ट्रक से टक्कर हो गई. टक्कर के बाद बस में आग लग गई जिसमें ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हो गई है.

इस हादसे में 15 यात्री घायल हुए हैं. घायलों को शिकोहाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 10 यात्रियों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

सिटी मजिस्ट्रेट विनोद पांडे ने बताया कि एक डबल डेकर बस के कैंटर में टकराने से आग लग गई, जिसमें करीब 15 लोग घायल हो गए. 5 लोग ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं. 15 लोगों को शिकोहाबाद और सैफई में भर्ती किया गया है. जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार बस चालक और कंडक्टर की मौत हो गई है.

हादसे को लेकर डॉ. पीयूष गंगवार ने जानकारी देते हुए बताया कि मरीज सुबह करीब 2:45 बजे से आने शुरू हुए. कुल 15 घायल लोगों को लाया गया, जिनमें से 10 को गंभीर हालत के कारण रेफर किया गया. बाकी पांच को मामूली चोटें आई थीं और इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई.

एक महिला यात्री ने आईएएनएस को बताया, “हम कानपुर से दिल्ली जा रहे थे. रात साढ़े 10 बजे के बाद मुझे नींद आ गई. मेरी आंख हॉस्पिटल में आकर खुली है.”

अस्पताल के एक कर्मचारी ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर एक टैंकर और एक बस की टक्कर होने से 15 घायल लोगों को यहां लाया गया, जिनमें से 10 को रेफर कर दिया गया. एक बस कंडक्टर गंभीर रूप से झुलसा है. लगभग 2:45 बजे की यह घटना है.

उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की ओर से जानकारी दी गई कि मत्सेना थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस की ट्रक से टक्कर हो गई और उसमें आग लग गई, जिससे लगभग 15 यात्री घायल हो गए. बस कानपुर से दिल्ली-गुरुग्राम जा रही थी. घायलों को शिकोहाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 10 को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.

हादसा इतना भीषण था कि जिसने भी देखा उसकी रूह कांप गई. धूं-धूं कर जलती बस को बेबस होकर देखने के अलावा लोगों के पास कोई और रास्ता नहीं था. मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही प्रशासन ने घायलों को एम्बुलेंस के जरिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.

IANS

यूपी: ट्रक से टक्कर होने पर धूं-धूं कर जलने लगी बस, ड्राइवर और कंडक्टर की मौत

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!