पुलिस पर जमकर पत्थरबाजी, कई पुलिसकर्मी घायल, 10 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज, क्या है यह मामला ?

First Information Report FIR (1) (1)
The Hindi Post

पुलिस पर जमकर पत्थरबाजी, कई पुलिसकर्मी घायल, 10 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज, क्या है यह मामला ?

 

मुंबई | मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बुधवार को हिंसक झड़प हो गई. पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच पत्थरबाजी हुई जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. घटना के बाद निर्मल नगर पुलिस स्टेशन में 10 नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

पुलिस के अनुसार, 20 मई को बांद्रा ईस्ट रेलवे स्टेशन के पास गरीब नगर क्षेत्र में गैर-कानूनी निर्माण हटाने का ऑपरेशन चलाया जा रहा था. यह कार्रवाई मुंबई उच्च न्यायालय के आदेश और निर्धारित शेड्यूल के अनुसार की जा रही थी. ऑपरेशन के दौरान मुंबई पुलिस, रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ), होम गार्ड और अन्य स्टाफ को सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था.

जब तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू हुई तो स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने बार-बार अनाउंसमेंट कर शांति बनाए रखने और जगह खाली करने की अपील की, लेकिन भीड़ ने नारेबाजी शुरू कर दी और कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की. कुछ देर बाद स्थिति बिगड़ गई और भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर और अन्य वस्तुएं फेंकनी शुरू कर दीं.

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए न्यूनतम बल का प्रयोग किया. इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत चिकित्सकीय सहायता प्रदान की गई. निर्मल नगर पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है. इनमें अवैध जमावड़ा, दंगा, सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी करने से रोकना, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और सरकारी कर्मचारियों पर हमला शामिल है. पुलिस ने 10 आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है.

मुंबई पुलिस ने कहा, “अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही थी. इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर हिंसा भड़काई और पुलिसकर्मियों पर हमला किया. हम इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं. सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर सभी दोषियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा.”

वर्तमान में इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस आगे की जांच में सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है.

 

IANS

 

बांद्रा में अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस पर पत्थरबाजी, 10 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज


The Hindi Post
error: Content is protected !!