रिश्तेदारों को फंसाने के लिए पिता ने की 13 वर्षीय बेटे की हत्या, शव तालाब में फेंका
रिश्तेदारों को फंसाने के लिए पिता ने की 13 वर्षीय बेटे की हत्या, शव तालाब में फेंका
ग्रेटर नोएडा | ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक पिता पर 13 वर्षीय बेटे की हत्या और शव को तालाब में फेंकने का आरोप लगा है. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी ने यह खौफनाक साजिश अपने ही परिवार के कुछ लोगों को झूठे मामले में फंसाने के उद्देश्य से रची थी.
मामला कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव का है. पुलिस के अनुसार 7 मई को सूचना मिली थी कि गांव निवासी प्रदीप भाटी का 13 वर्षीय बेटा लापता हो गया है. सूचना मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई और बच्चे की तलाश शुरू की गई. शुरुआत में बच्चे के पिता ने अपहरण की आशंका जताते हुए अपने कुछ रिश्तेदारों पर शक जाहिर किया था.
इसी आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई लेकिन पूछताछ के दौरान पिता के बयान बार-बार बदलते रहे जिससे पुलिस को उस पर संदेह होने लगा. इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और स्थानीय बच्चों व ग्रामीणों से भी पूछताछ की. जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे.
इसी दौरान सिरसा गांव के एक तालाब से लापता बच्चे का शव बरामद हुआ. शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर बच्चे के पिता को हिरासत में ले लिया.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. आरोप है कि इसी विवाद के चलते आरोपी पिता ने अपने बेटे की हत्या कर रिश्तेदारों को फंसाने की साजिश रची.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लगातार जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा हो गया. फिलहाल पुलिस हत्या के तरीके, घटना के समय और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
IANS
