चुनाव हारने के बाद तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक ने सक्रिय राजनीति से लिया संन्यास, छोड़ा ममता बनर्जी का साथ, कहा- “अब फिल्मी करियर पर देंगे ध्यान”
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल फोटो | फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)
चुनाव हारने के बाद तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक ने सक्रिय राजनीति से लिया संन्यास, छोड़ा ममता बनर्जी का साथ, कहा- “अब फिल्मी करियर पर देंगे ध्यान”
कोलकाता | तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व विधायक राज चक्रवर्ती ने सक्रिय राजनीति से स्थायी रूप से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह अपना ध्यान फिल्मों पर ध्यान केंद्रित करेंगे. बता दे कि राज चक्रवर्ती जाने-माने बंगाली फिल्म और टीवी सीरियल निर्माता है.
राज चक्रवर्ती 2021 से 2026 तक उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के विधायक थे. हालिया चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार और कलकत्ता उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता कौस्तभ बागची ने उन्हें 15,000 से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया.
चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर राजनीति छोड़ने की पुष्टि की. ‘प्रलय’ और ‘अबार प्रलय’ जैसी लोकप्रिय ओटीटी सीरीज के निर्देशक राज ने अपने पोस्ट में लिखा, “जीवन में मुझे जब भी कोई जिम्मेदारी दी गई, मैंने उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास किया. मैंने अपनी क्षमता के अनुसार सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की. एक फिल्म निर्देशक के तौर पर मैंने अपनी फिल्मों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया—कभी मुझे जीत मिली, तो कभी हार. साल 2021 में मैंने राजनीतिक जीवन में कदम रखा था और जनता ने मुझे उनकी सेवा करने का मौका दिया था. पिछले पांच वर्षों तक मैंने एक निर्वाचित विधायक के रूप में अपने उत्तरदायित्वों को पूरा करने का प्रयास किया. यह अध्याय 2026 में समाप्त हो रहा है और इसी के साथ, राजनीति की दुनिया में मेरा सफर भी अब थम रहा है.”

अपने संदेश में उन्होंने यह आशा भी व्यक्त की कि नई भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल को समृद्धि और विकास की ओर ले जाएगी. उन्होंने लिखा, “बंगाल की जनता ने अपना जनादेश दे दिया है और 9 मई को नई सरकार शपथ लेगी. मुझे उम्मीद है कि राज्य विकास की राह पर आगे बढ़ेगा.”
तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद राज चक्रवर्ती पार्टी के दूसरे ऐसे सेलिब्रिटी राजनेता हैं जिन्होंने राजनीतिक गतिविधियों से दूरी बनाने की इच्छा जताई है. इससे पहले, चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद अभिनेता और तीन बार के सांसद दीपक अधिकारी उर्फ ‘देव’ ने भी घोषणा की थी कि वह अब अपने राजनीतिक करियर को सीमित करेंगे और अभिनय व फिल्म निर्माण पर ध्यान देंगे. हालांकि, देव ने राज चक्रवर्ती की तरह राजनीति से पूर्ण और स्थायी संन्यास का ऐलान नहीं किया है.
After defeat, Trinamool’s ex-MLA film director Raj Chakrabarty ‘quits’ politics (IANS)
