पंजाब में हुए धमाके: फारुक अब्दुल्ला का विवादित बयान, कहा- भारत में होते रहते हैं धमाके, कोई नई…..
फाइल फोटो (आईएएनएस)
पंजाब में हुए धमाके: फारुक अब्दुल्ला का विवादित बयान, कहा- भारत में होते रहते हैं धमाके, कोई नई….
श्रीनगर | पंजाब में हुए दोहरे धमाकों को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने विवादित बयान दिया है. बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “हिंदुस्तान में धमाके होते रहते हैं, यह कोई नई बात नहीं है, घबराने की जरूरत नहीं है.”
फारूक अब्दुल्ला ने पंजाब में हुई इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश में सुरक्षा चुनौतियां समय-समय पर सामने आती रहती हैं. उनके अनुसार, यह सामान्य परिस्थिति का हिस्सा है और इससे घबराना उचित नहीं है.
बता दें कि पंजाब में मंगलवार देर रात दो स्थानों पर जोरदार धमाका हुआ. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए. अधिकारियों ने पुष्टि की कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है.
इस मामले की जांच के लिए एनआईए की कई विशेष टीमों को जालंधर में विस्फोट स्थल पर भेजा गया है. सूत्रों ने बताया कि टीमें विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच करेंगी, जिसके बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है.
पंजाब पुलिस के अनुसार, स्कूटर में आग लगने के कारण विस्फोट हुआ. पुलिस विस्फोट के सटीक कारण का पता लगाने के लिए घटना की जांच कर रही है. अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में शामिल स्कूटर गुरप्रीत सिंह का था, जो एक कूरियर कंपनी में काम करता है और पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है.
इसके अलावा, उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के मौके पर भी अपने विचार साझा किए. उन्होंने कहा कि लड़ाई और युद्ध समस्याओं का समाधान नहीं लाते बल्कि केवल मुसीबत और विनाश पैदा करते हैं. फारूक अब्दुल्ला ने यूक्रेन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां हालात कितने खराब हो गए हैं और कितनी बर्बादी हुई है.
उन्होंने भारत में बढ़ती गैस की कीमतों और इससे उत्पन्न हो रही सामाजिक और आर्थिक कठिनाइयों पर भी चिंता जताई. उनका विवादित बयान राजनीतिक और सार्वजनिक दोनों ही क्षेत्रों में चर्चा का विषय बन गया है.
बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ 7 मई 2026 को मनाई जाएगी. यह 6-7 मई 2025 की रात को पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ भारत द्वारा की गई एक सफल ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की याद दिलाता है, जिसे अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में अंजाम दिया गया था.
आईएएनएस
पंजाब धमाके पर फारुक अब्दुल्ला का विवादित बयान, कहा- भारत में होते रहते हैं धमाके, कोई नई बात नहीं
