कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, 50 लोगों….

Fire ahmedabad (1) (1)

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, 50 लोगों….

 

अहमदाबाद | श्याममल क्रॉसरोड्स के पास शांग्रीला आर्केड स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में सोमवार को भीषण आग लग गई. घटना के दौरान अंदर फंसे लगभग 50 लोगों को समन्वित आपातकालीन अभियान के माध्यम से बचाया गया.

घटना की सूचना सुबह लगभग 10.15 बजे मिली जिसके बाद अहमदाबाद अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं की कई टीमें मौके पर पहुंचीं.

जैसे ही आग भूतल से ऊपरी मंजिलों तक उठी, घना धुआं तेजी से इमारत में फैल गया जिससे कई लोग अंदर फंस गए.

दमकल अधिकारियों ने बताया कि अलग-अलग मंजिलों से लगभग 50 लोगों को निकाला गया जिनमें ऊपरी मंजिलों में फंसे लोग भी शामिल थे. यहां गलियारों और सीढ़ियों में धुआं भर गया था.

बचाव दल ने लोगों को निकालने के लिए सीढ़ियों और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया. धुएं के कारण चार महिलाएं बेहोश पाई गईं जिन्हें आपातकालीन एम्बुलेंस द्वारा अस्पताल ले जाया गया. किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है.

अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग द्वारा कुल 38 वाहन और लगभग 138 कर्मियों को तैनात किया गया था. इनमें 20 किलोलीटर क्षमता के आठ पानी के टैंकर, एक मिनी फाइटर, 15 बोलेरो और तीन स्कॉर्पियो फर्स्ट रेस्पॉन्डर, तीन योद्धा फर्स्ट रेस्पॉन्डर, दो एम्बुलेंस, एक पानी का टैंकर (10 किलोलीटर), एक फायर टेंडर, एक इमरजेंसी टेंडर, दो हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म (एचपीएल) यूनिट और एक टर्नटेबल लैडर (टीटीएल) शामिल थे.

इन कर्मियों में 68 दमकलकर्मी, आठ जमादार, 39 ड्राइवर, तीन सब-ऑफिसर, नौ स्टेशन ऑफिसर, पांच डिविजनल ऑफिसर, तीन डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर (सीएफओ), दो एडिशनल चीफ फायर ऑफिसर और एक चीफ फायर ऑफिसर शामिल थे.

दमकलकर्मियों ने इमारत को खाली कराने और साथ ही आग पर काबू पाने के लिए एक-एक मंजिल पर काम किया.

प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आग भूतल पर स्थित कोटक महिंद्रा बैंक की एक शाखा के बाहर एटीएम और बाहरी बिजली बोर्ड के पास लगी.

आग पार्किंग क्षेत्र से होते हुए ऊपरी मंजिलों तक तेजी से फैल गई, प्रवेश द्वार के पास खड़ी ज्वलनशील सामग्री और वाहनों के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई.

परिसर में खड़ी दो दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गईं और एटीएम यूनिट भी आग में जल गई.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग कुछ ही मिनटों में इतनी तीव्र हो गई कि इमारत में घना धुआं भर गया और लोगों को तुरंत बाहर निकालना पड़ा.

इमारत में काम करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि प्रवेश द्वार के पास आग लगने का पता चलने के कुछ ही मिनटों के भीतर वह फैल गई.

एक दमकल अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना था. उन्होंने कहा कि हमारा पहला उद्देश्य फंसे हुए लोगों को बचाना था. अत्याधिक धुएं के बावजूद टीमें तेजी से हरकत में आईं और यह सुनिश्चित किया कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाए.

आईएएनएस

गुजरात: अहमदाबाद के एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में लगी आग, 50 लोगों को बचाया गया

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!