बड़ा सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार महिलाओं की मौत, 22 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल

accident in MP tractor trolley turns (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

बड़ा सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार महिलाओं की मौत, 22 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल

 

श्योपुर | मध्य प्रदेश के श्योपुर में बड़ा सड़क हादसा हुआ है. विजयपुर क्षेत्र में हुए इस हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई और 22 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सीएम मोहन यादव ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए एवं अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं.

जानकारी के अनुसार, वीरपुर के घुघस गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर लोग पार्वती बड़ौदा गांव में भात देने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान विजयपुर क्षेत्र के पास गैस गोदाम के नजदीक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई.

इस हादसे में चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान सरोज पत्नी मगन गुर्जर, सुनेना पत्नी कल्ला गुर्जर, सीमा पत्नी कालू गुर्जर और गीता पत्नी घनश्याम गुर्जर के रूप में हुई है. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया.

इस घटना को लेकर सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि श्योपुर जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से महिलाओं के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. दुर्घटना में जो घायल हुए हैं, उनको उपचार प्रदान किया जा रहा है. मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए एवं अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं.

इसे लेकर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि श्योपुर जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 4 महिलाओं के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें. साथ ही घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं.

आईएएनएस

मध्य प्रदेश: श्योपुर में बड़ा सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार महिलाओं की मौत


The Hindi Post
error: Content is protected !!