नोएडा हिंसा मामले में दो महिला नेताओं के खिलाफ FIR, लगे गंभीर आरोप

protest violent in Noida 2

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

नोएडा हिंसा मामले में इस राजनीतिक पार्टी की दो प्रवक्ताओं पर एक्शन, लगे गंभीर आरोप

 

नोएडा | नोएडा में जारी श्रमिक आंदोलन के बीच, सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ जानकारी फैलाने के आरोप में नोएडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. साइबर थाना पुलिस ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की दो राष्ट्रीय प्रवक्ताओं, प्रियंका भारती और डॉ. कंचन यादव सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.

पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने 11 अप्रैल, 2026 के मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के एक पुराने मारपीट के वीडियो को नोएडा का बताकर साझा किया था. इसके अलावा, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर सेक्टर-62 में आगजनी का एक झूठा वीडियो भी प्रसारित किया गया. पुलिस के अनुसार, इस सुनियोजित साजिश का मुख्य उद्देश्य नोएडा के नागरिकों में प्रशासन के प्रति भय और अविश्वास पैदा करना तथा शहर की कानून-व्यवस्था को अस्थिर करना था.

पुलिस ने इस मामले में राजनीतिक संलिप्तता की पुष्टि करते हुए बताया कि राजद प्रवक्ताओं ने गलत वीडियो शेयर कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(1)(बी) और आईटी एक्ट की धारा 66 व 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. इसके अतिरिक्त, पुलिस को कुछ ऐसे ऑडियो और चैट भी मिले हैं जिनमें लाठीचार्ज के बाद श्रमिकों को दोबारा इकट्ठा होने और हड़ताल जारी रखने के लिए उकसाया जा रहा है.

नोएडा पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है और अतिरिक्त बल तैनात किया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि समस्याओं का समाधान केवल बातचीत से संभव है और अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा. पुलिस ने नागरिकों और श्रमिकों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी भड़काऊ संदेश पर विश्वास न करने की अपील की है. फिलहाल, पुलिस उन सभी संदिग्धों की पहचान कर रही है जो पर्दे के पीछे से इस अशांति को बढ़ावा दे रहे हैं.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!