IIT बाबा ने कर ली शादी, अचानक पहुंचे अपने पिता के पास, साथ में थी पत्नी

IIT Baba gets married
The Hindi Post

IIT बाबा ने कर ली शादी, अचानक पहुंचे अपने पिता के पास, साथ में थी पत्नी

 

महाकुंभ में आईआईटी वाले बाबा के नाम से चर्चित हुए अभय सिंह ने शादी कर ली है। उन्होंने कर्नाटक की एक इंजीनियर से विवाह किया है। इस शादी के बारे में खुलासा तब हुआ, जब वह पिता से मिलने पहुंचे। मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले अभय सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर महाकुंभ के दौरान वायरल हुआ था। वह संन्यासी के वेश में वहां घूम रहे थे और उनका कहना था कि मैंने आईआईटी से पढ़ाई की है। इसी के चलते वह चर्चा में आ गए थे और उनकी पहचान आईआईटी वाले बाबा के तौर पर बनी थी। अब उन्होंने शादी कर ली है और जिंदगी में नई पारी शुरू की है।

अभय सिंह सोमवार को हरियाणा के झज्जर पहुंचे। लेकिन इस बार वह अकेले नहीं थे, उनके साथ उनकी पत्नी प्रतीका भी थी। अभय सिंह ने बताया कि वह झज्जर में माता पिता और परिवार वालों से मिलने आए हैं। अभय सिंह मूलरूप से झज्जर के सासरौली गांव के रहने वाले हैं। वह अपनी पत्नी प्रीतिका के साथ झज्जर तहसील में पहुंचे। यहां वह अपने एडवोकेट पिता के चैंबर में कुछ देर रुके, जहां मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि मैं पहले भी यहां पिता जी के चेंबर में बैठा करता था। अभय सिंह ने कहा कि मेरी तो रुचि अध्यात्म में ही थी, लेकिन अपने पढ़ाई के दिनों में चेंबर में आकर देखता था कि कौन सा केस कैसे तैयार होता है।

अभय सिंह के पिता कर्ण सिंह वकील हैं और झज्जर बार एसोसिएशन के प्रधान भी रह चुके हैं। अभय ने कहा कि आज पिताजी के चेंबर में आकर अच्छा लगा। मैं पहले भी यहां आकर पढ़ाई करता था। हमने 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर हिमाचल के अघंजर महादेव मंदिर में शादी की। इसके बाद 19 फरवरी को कोर्ट मैरिज की। प्रीतिका बेंगलुरु की रहने वाली हैं। पत्नी ही आज मुझे यहां लेकर आई हैं। बैंक खाते की केवाईसी भी अपडेट करवानी थी। इसलिए हम यहां आए और पिताजी का भी आशीर्वाद लिया है।

प्रतीका ने कहा कि अभय काफी सरल स्वभाव के हैं। वो बेहद ईमानदार और सच्चे इंसान हैं। मैं कर्नाटक से हूं और इनसे एक साल पहले मिली थी। मैंने इंजीनियरिंग की है। अब हम सनातन को आगे बढ़ाने में काम करेंगे। हम एक सनातन यूनिवर्सिटी बनाएंगे। अध्यात्म से जुड़े गुरु, साधकों को एक जगह पर एकत्रित करने की कोशिश रहेगी। आज हम झज्जर में सास-ससुर और परिवार वालों से मिलने आए हैं। अभय सिंह ने बताया कि वह श्री यूनिवर्सिटी बनाने पर काम कर रहे हैं। इस यूनिवर्सिटी में सांसारिक ज्ञान के साथ-साथ आध्यात्मिक साधना और विभिन्न प्रकार की साधनाओं को जोड़ा जाएगा। यहां सिखाने वाला ज्ञान और साधना वाला ज्ञान दोनों पर फोकस रहेगा।

उन्होंने कहा कि सांसारिक चीजों से दूर रहना बहुत जरूरी है। फिलहाल वह अपनी पत्नी के साथ हिमाचल प्रदेश में रह रहे हैं। हम दोनों एक ही विजन पर साथ काम कर रहे हैं। चेंबर के बाहर अभय सिंह के साथ सेल्फी लेने वालों की भीड़ लग गई। कई लोगों ने उनके साथ पुरानी यादें भी ताजा की। वहीं, आईआईटी बाबा की शादी की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर काफी चर्चा हो रही है। वहीं, अभय सिंह के परिजनों की तरफ से बेटे की शादी को लेकर अभी कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है।

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!