“…यह एक छोटा सा ट्रेलर है… पिक्चर अभी बाकी है….”, राघव चड्ढा ने वीडियो जारी कर AAP नेताओं को दिया जवाब

raghav chadha 3 3 (1) (1)

फाइल फोटो | आईएएनएस

The Hindi Post

“…यह एक छोटा सा ट्रेलर है… पिक्चर अभी बाकी है….”, राघव चड्ढा ने वीडियो जारी कर AAP नेताओं को दिया जवाब

 

नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी (AAP) नेताओं और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच बहस का दौर जारी है. राघव ने रविवार को AAP नेताओं को जवाब दिया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि ‘पिक्चर अभी बाकी है’ और पंजाब के मुद्दों को उठाने को लेकर उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाना गलत है.

राघव चड्ढा ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वह पंजाब से जुड़े मुद्दों को राज्यसभा में उठाते नजर आ रहे हैं. इस पोस्ट में उन्होंने पार्टी के उन सहयोगियों पर निशाना साधा, जिन्होंने उन पर संसद में पंजाब के मुद्दों को न उठाने का आरोप लगाया था.

उन्होंने लिखा, “मेरे ‘AAP’ के साथियों के लिए, जिन्हें यह कहने के लिए मजबूर किया गया कि राघव चड्ढा ने पंजाब के मुद्दे नहीं उठाए, यह एक छोटा सा ट्रेलर है. पिक्चर अभी बाकी है. पंजाब मेरे लिए सिर्फ एक मुद्दा नहीं, मेरा घर, मेरी जिम्मेदारी, मेरी मिट्टी और मेरी आत्मा है.”

इससे पहले शनिवार को भी राघव चड्ढा ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, “मैं बोलना नहीं चाहता था, लेकिन अगर चुप रहता, तो बार-बार बोला गया झूठ भी सच लगने लगता. तीन आरोप, शून्य सच्चाई.”

दरअसल, राघव चड्ढा को राज्यसभा में ‘AAP’ के डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के बाद उनके खिलाफ कई आरोप लगाए गए. इन आरोपों का जवाब देते हुए राघव ने कहा कि उनके खिलाफ एक ‘स्क्रिप्टेड कैंपेन’ चलाया जा रहा है. उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा, “एक ही तरह के सवाल और एक जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं. यह कोई संयोग नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश है.”

राघव चड्ढा ने इस आरोप को भी खारिज किया कि वे विपक्ष के वॉकआउट में शामिल नहीं होते थे. इस पर उन्होंने कहा, “यह सरासर झूठ है. संसद परिसर में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, कोई भी इसकी जांच कर सकता है.”

‘AAP’ के भीतर यह विवाद पार्टी में बढ़ते तनाव को दर्शाता है. एक ओर पार्टी उनके कामकाज पर सवाल उठा रही है, तो दूसरी ओर राघव चड्ढा अपने रिकॉर्ड का बचाव करते हुए यह दोहरा रहे हैं कि उनका फोकस हमेशा पंजाब और वहां के लोगों के मुद्दों पर रहा है और आगे भी रहेगा.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!