राघव चड्ढा ने अपनी पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों का दिया जवाब, कहा- “घायल हूं इसलिए घातक हूं……”

Raghav Chadha 2 2 (1)

AAP सांसद राघव चड्ढा (Photo: X/Raghav Chadha Via IANS)

The Hindi Post

राघव चड्ढा ने अपनी पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों का दिया जवाब, कहा- “घायल हूं इसलिए घातक हूं….”

 

नई दिल्ली | राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी की ओर से उन पर लगाए गए आरोपों का जवाब दिया है. उन्होंने साफ कहा कि पार्टी के सभी आरोप बेबुनियाद और बेतुके हैं.

राघव चड्ढा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, “मैं बोलना नहीं चाहता था मगर चुप रहता तो बार-बार दोहराया गया झूठ भी सच लगने लगता.”

उन्होंने कहा, “कल से मेरे खिलाफ एक स्क्रिप्टेड अभियान चलाया जा रहा है. यह कोई संयोग नहीं, बल्कि एक स्पष्ट और कोऑर्डिनेटेड हमला है. पहले मैंने सोचा कि इसका जवाब नहीं देना चाहिए लेकिन फिर लगा कि अगर एक झूठ को बार-बार दोहराया गया तो लोग उसे सच मान सकते हैं. इसलिए मैंने जवाब देना जरूरी समझा.”

राघव ने कहा, “पहला आरोप यह लगाया गया कि जब विपक्ष सदन से वॉकआउट करता है, तो राघव चड्ढा वहीं बैठे रहते हैं और उनका साथ नहीं देते. यह पूरी तरह गलत बताया है. मैंने हर वॉकआउट में विपक्ष का साथ दिया है.” उन्होंने अपनी पार्टी को चुनौती दी कि कोई ऐसा उदाहरण पेश करे जब वह वॉकआउट में शामिल नहीं हुए हों. उन्होंने कहा कि राज्यसभा में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं. उन्हें देखकर आसानी से सच सामने आ सकता है.

दूसरा आरोप यह था कि राघव चड्ढा ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ इंपीचमेंट मोशन पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया. उन्होंने कहा कि यह भी झूठ है. न तो उन्हें इसके लिए किसी ने आधिकारिक तौर पर कहा, न अनौपचारिक तौर पर. आम आदमी पार्टी के दस सांसदों में से कई ने खुद ही उस मोशन पर साइन नहीं किया था. कुल मिलाकर इस याचिका के लिए पचास सिग्नेचर की जरूरत थी और विपक्षी सांसदों की संख्या 105 है. फिर भी सारा दोष मुझ पर क्यों लगाया गया, यह समझ से परे है.

तीसरा आरोप यह लगाया गया कि राघव चड्ढा डर गए हैं और इसलिए बेकार मुद्दे उठाते हैं. राज्यसभा सदस्य ने कहा कि वो ऐसा नहीं करते. वह संसद में शोर मचाने या गाली देने नहीं जाते. उनका उद्देश्य जनता के मुद्दों को उठाना है. उन्होंने जीएसटी, इनकम टैक्स, पंजाब का पानी, दिल्ली की हवा, सरकारी स्कूलों की हालत, पब्लिक हेल्थकेयर, रेलवे यात्रियों की समस्याएं, मेन्स्ट्रुअल हेल्थ, बेरोजगारी और महंगाई जैसी तमाम समस्याएं संसद में उठाई हैं. उनका कहना है कि उनका चार साल का रिकॉर्ड देखा जा सकता है. उनका मकसद हमेशा जनता के मुद्दों को सामने लाना रहा है, न कि अपने लिए कोई शो बनाना.

अंत में चड्ढा ने जोर देकर कहा कि जो लोग उन पर झूठे आरोप लगा रहे हैं, हर झूठ बेनकाब किया जाएगा. हर सवाल का जवाब दिया जाएगा. उनका कहना है कि उन्हें चोट लगी है, इसलिए वो और भी घातक हैं.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!