जांबाज सिपाही आकाश सिंह का अटूट हौसला: ट्रेन से कट गए दोनों पैर, फिर भी चोर को नहीं छोड़ा
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
जांबाज सिपाही आकाश सिंह का अटूट हौसला: ट्रेन से कट गए दोनों पैर, फिर भी चोर को नहीं छोड़ा
गोंडा | यूपी के गोंडा रेलवे स्टेशन पर एक चोर को पकड़ने के दौरान जीआरपी सिपाही आकाश सिंह (29) बड़े हादसे का शिकार हो गए. पुलिस हिरासत से भाग रहे आरोपी को पकड़ते समय वह चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गए जिससे उनके दोनों पैर कट गए. इसके बावजूद उन्होंने आरोपी सुनील कुमार (35) को पकड़ने में सफलता हासिल की.
घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे की है. प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मारपीट के बाद सुनील कुमार को पूछताछ के लिए जीआरपी थाने लाया गया था. इसी दौरान वह अचानक भागकर चलती डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में चढ़ने लगा. सिपाही आकाश सिंह ने उसका पीछा किया और पकड़ लिया लेकिन इस दौरान हादसा हो गया.
घायल सिपाही को पहले गोंडा मेडिकल कॉलेज और फिर लखनऊ के केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया जहां डॉक्टरों ने बताया कि दोनों पैर बचाए नहीं जा सके हैं. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट, चोरी और पुलिस हिरासत से भागने का मामला दर्ज कर लिया है. वहीं, सिपाही की बहादुरी को देखते हुए जीआरपी कर्मियों ने उनके इलाज के लिए एक दिन का वेतन देने का निर्णय लिया है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
