“मुझ पर भूत का साया…”: इंडिगो की फ्लाइट में इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश करने वाले युवक का अजीब दावा, एजेंसियां हैरान
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - Credit: EP)
उड़ते विमान में यात्री ने किया ऐसा काम कि मच गया हड़कंप, चालक दल के सदस्य भी सकते में आ गए, ऐसा कोई कैसे कर सकता है ?
वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरने से पहले इंडिगो की फ्लाइट में एक ऐसी घटना घटी जिससे हड़कंप मच गया. बेंगलुरु से वाराणसी आ रहे इंडिगो के विमान संख्या 6E-185 में सवार एक यात्री ने लैंडिंग से ठीक पहले विमान का इमरजेंसी गेट खोलने का प्रयास किया. इस अप्रत्याशित हरकत से विमान में सवार यात्री दहशत में आ गए. पास बैठे यात्री की चीख निकल गई. इससे पूरे विमान में चीख पुकार और खलबली मच गई. क्रू मेंबर के जरिए सूचना पायलट तक पहुंची तो उसने विमान को दोबारा आसमान की ओर उड़ा दिया. अंदर सबकुछ सामान्य होने पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई. विमान उतरते ही सीआईएसएफ (CISF) ने आरोपी यात्री को हिरासत में लेकर फूलपुर पुलिस के हवाले कर दिया है. प्रारंभिक पूछताछ में यात्री ने अपनी हरकत के पीछे भूत का साया बताया. विमान में 152 यात्री और दो मासूम बच्चे सवार थे.
घटना उस समय हुई जब विमान वाराणसी हवाई अड्डे के रनवे पर उतरने ही वाला था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मऊ का रहने वाला मोहम्मद अदनान (26) अचानक अपनी सीट से उठा और इमरजेंसी एग्जिट की ओर बढ़ा. उसने जैसे ही गेट का लीवर खींचने की कोशिश की, पास बैठे यात्री चिल्लाने लगे. क्रू मेंबर्स ने तुरंत उसे रोकने का प्रयास किया और पायलट को सूचना दी. सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए पायलट ने तुरंत विमान को वापस हवा में उड़ा दिया (Go-around). कुछ देर बाद जब स्थिति सामान्य हुई, तब विमान को दोबारा सुरक्षित लैंड कराया गया.
फूलपुर थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक मोहम्मद अदनान मऊ के यूसुफ पुरा मोहल्ला, दक्षिण टोला का रहने वाला है और साड़ी बुनाई का काम करता है. पूछताछ में पता चला कि वह 24 मार्च को मऊ से ट्रेन के जरिए गोवा घूमने गया था और शनिवार को बेंगलुरु के रास्ते वाराणसी लौट रहा था. पुलिस की शुरुआती पूछताछ में युवक ने इसे भूत का साया बताया है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे इतनी आसानी से नहीं ले रही हैं.
एयरलाइंस की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. आईबी (IB) और अन्य खुफिया एजेंसियां भी इस मामले की जांच कर रही हैं कि क्या यह केवल नादानी थी या इसके पीछे कोई संदिग्ध मंशा. भूत का साया वाली बात को भी पुलिस नहीं मान रही है. पुलिस ने एहतियातन आरोपी के परिजनों को मऊ से वाराणसी बुला लिया है. फिलहाल, युवक से कड़ी पूछताछ की जा रही है और उसे ब्लैकलिस्ट (No Fly List) में डालने की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है.
