फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, उत्तर भारत के इन शहरों में 29 मार्च को तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना

WEATHER

सांकेतिक तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, उत्तर भारत के इन शहरों में 29 मार्च को तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना

 

नोएडा | राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार 29 मार्च को क्षेत्र में तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है.

पिछले कुछ दिनों से सुहावने मौसम, हल्की ठंडी हवाओं और बीच-बीच में बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है, और अब आने वाले दिनों में मौसम और अधिक बदलने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 25 मार्च को अधिकतम तापमान करीब 32-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17-19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 26 और 27 मार्च को तापमान क्रमशः 34/18 डिग्री और 32/17 डिग्री रहने का अनुमान है. इन दिनों “थंडरस्टॉर्म विद रेन” यानी गरज के साथ बारिश की स्थिति बन रही है.

वहीं 28 मार्च को अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री रहने के साथ मौसम साफ रहने की संभावना है. मौसम विभाग के 7 दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 29 और 30 मार्च को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. इन दिनों “जनरली क्लाउडी स्काई विथ लाइट रेन” के साथ कई जगहों पर तेज बारिश और तूफानी हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

दूसरी ओर, लगातार चल रही तेज हवाओं और बदले मौसम के चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी सुधार दर्ज किया गया है. दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई मध्यम से खराब श्रेणी में दर्ज किया गया. आनंद विहार में एक्यूआई 247, बवाना में 241 और चांदनी चौक में 238 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है. वहीं अलीपुर (198), अशोक विहार (199), बुराड़ी क्रॉसिंग (194) और कैंटोनमेंट एरिया (139) में एक्यूआई अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में रहा.

इसी तरह नोएडा और गाजियाबाद में भी एक्यूआई में सुधार देखा गया. नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 180, सेक्टर-62 में 141 और सेक्टर-116 में 173 दर्ज किया गया. वहीं गाजियाबाद के इंदिरापुरम में 180, संजय नगर में 156 और वसुंधरा में 192 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश और तेज हवाओं के चलते प्रदूषण के स्तर में और गिरावट आ सकती है. फिलहाल एनसीआर के लोग साफ हवा और सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं, लेकिन 29 मार्च को संभावित तेज बारिश और तूफान को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

आईएएनएस

एनसीआर में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 29 मार्च को तेज बारिश और तूफान की संभावना


The Hindi Post
error: Content is protected !!