‘मौत की रील’ ! बिना हेलमेट स्पोर्ट्स बाइक चला रही 19 साल की युवती डिवाइडर से टकराई, बाइक के उड़े परखच्चे, पीछे बैठकर वीडियो बना रहा दोस्त……, VIDEO

GAZIABAD BIKE ACCIDENT

वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब

The Hindi Post

‘मौत की रील’ ! बिना हेलमेट स्पोर्ट्स बाइक चला रही 19 साल की युवती डिवाइडर से टकराई, बाइक के उड़े परखच्चे, पीछे बैठकर वीडियो बना रहा दोस्त……, VIDEO

 

गाजियाबाद में रील बनाने के दौरान बाइक पर स्टंट कर रही एक युवती की डिवाइडर से टकराने के कारण मौत हो गई. युवती तेज रफ्तार में बाइक चला रही थी, जबकि पीछे बैठा युवक मोबाइल से वीडियो शूट कर रहा था. इसी दौरान बाइक डिस्बैलेंस होकर डिवाइडर से टकरा गई.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कई फीट दूर उछलकर जमीन पर गिर पड़े. दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया.

घटना रविवार शाम वेव सिटी क्षेत्र में आईएमएस कॉलेज फ्लाईओवर के पास की है. युवती का बाइक चलाते हुए एक वीडियो भी सामने आया है. युवक की पहचान हाशिम (20) और युवती की इकरा (19) के रूप में हुई है. दोनों गाजियाबाद के पसौंडा मोहल्ले के निवासी थे.

साहिबाबाद के पसौंडा स्थित इकबाल कॉलोनी की रहने वाली इकरा (19) शनिवार सुबह करीब 11 बजे बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी. देर शाम तक वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं पता नहीं चला.

मोहल्ले का ही रहने वाला हाशिम भी घर पर नहीं था. वह अपनी स्पोर्ट्स बाइक लेकर निकला था. दोनों के परिजन चिंतित रहे, लेकिन किसी ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई. पड़ोसियों के अनुसार, रविवार सुबह इकरा के परिवार को पुलिस ने हादसे की सूचना दी.


एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली कि एनएच-9 पर आईएमएस कॉलेज के सामने एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक युवक और युवती घायल अवस्था में पड़े मिले.

युवती के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं, जबकि हाशिम के पैर, कमर और कंधे पर चोट आई थी. पुलिस दोनों को तुरंत निजी अस्पताल लेकर गई, जहां इलाज के दौरान इकरा की मौत हो गई. हाशिम की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है.

एसीपी ने बताया कि युवक-युवती दोनों पड़ोसी थे. युवक वेल्डिंग का काम करता है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक युवती चला रही थी और पीछे बैठा युवक वीडियो बना रहा था. दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था. तेज स्पीड के चलते बाइक अनियंत्रित हो गई.

फिलहाल किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. इकरा के स्पोर्ट्स बाइक (R-15) चलाने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह 70 की स्पीड से बाइक चलाती दिख रही. जबकि, हाशिम पीछे बैठा हुआ वीडियो बना रहा है.


The Hindi Post
error: Content is protected !!