मातम में बदलीं शादी की खुशियां : जयमाल के दौरान भरभरा कर गिरा छज्जा, मच गई चीख-पुकार, 2 की मौत
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
मातम में बदलीं शादी की खुशियां : जयमाल के दौरान भरभरा कर गिरा छज्जा, मच गई चीख-पुकार, 2 की मौत
औरंगाबाद | बिहार के औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान खुशियों का माहौल तब मातम में बदल गया जब जयमाला के दौरान छज्जा टूटकर गिर गया. इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना मझियावां गांव की है, जहां शादी समारोह के दौरान सभी रस्में निभाई जा रही थीं. इसी क्रम में जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था, जहां वर और वधू पक्ष की बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. जहां यह कार्यक्रम चल रहा था, वहीं छत का छज्जा भरभरा कर गिर गया.
इस घटना में मलबे के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हुए हैं. ओबरा के थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने रविवार को बताया कि यह घटना शनिवार देर रात की है. मृतकों की पहचान सत्यनारायण सिंह और अखिलेश्वर यादव के तौर पर हुई है. दोनों मृतक दुल्हन के रिश्तेदार थे जो शादी समारोह में भाग लेने के लिए आए थे.
जानकारी के अनुसार, गोह प्रखंड के चापुक पंचायत अंतर्गत पकरी गांव से बारात मझियावां गांव पहुंची थी. दरवाजा लगने और जयमाला की रस्म चल रही थी. इसी दौरान कुछ लोग छत पर खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे थे, जबकि नीचे भी काफी संख्या में बाराती और ग्रामीण मौजूद थे. इसी बीच अचानक छत का छज्जा भरभरा कर गिर गया. छत गिरते ही ऊपर और नीचे मौजूद कई लोग मलबे में दब गए.
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग चीखने-चिल्लाने लगे. घटना के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई. मलबे से निकाले गए घायलों को ग्रामीणों और स्वजनों ने निजी वाहनों की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में सभी का इलाज चल रहा है. कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
IANS
बिहार: जयमाला के बीच ऊपर से गिरा छज्जा, दो की मौत, 10 लोग घायल
