“सुधर जा, कल यह तेरे सीने में होगी”, बिल्डर को कारतूस के साथ धमकी भरा लेटर मिला

builder gets threat message with bullet 2 (1)
The Hindi Post

“सुधर जा, कल यह तेरे सीने में होगी”, बिल्डर को कारतूस के साथ धमकी भरा लेटर मिला

 

वर्सोवा | वर्सोवा के रहने वाले एक बिल्डर को जान से मारने की धमकी मिली है. मुंबई पुलिस ने इस मामले में जांच तेज कर दी है.

बिल्डर मेहुल मेहता को कार में एक धमकी भरा लेटर मिला था. इसके साथ एक कारतूस भी था. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह मामला अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज हुआ है.

मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल (एईसी) ने जांच अपने हाथ में ले ली है.

यह घटना 6 मार्च की है. इस मामले में मेहुल मेहता के प्राइवेट बॉडीगार्ड (जो पिछले आठ साल से उनके साथ हैं) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उसने बताया कि मेहुल सर की कार के पास एक सफेद प्लास्टिक पैकेट मिला था.

पैकेट खोलने पर उसमें मेहुल मेहता के नाम का लिफाफा निकला. लिफाफे में हाथ से लिखा धमकी भरा नोट था. इसमें लिखा था, “मेहता सुधर जा, तुझे समझ में नहीं आ रहा. आज यह बाहर है, कल यह तेरे सीने के अंदर होगा. अल्लाह हाफिज– छोटा शकील.” इस नोट के साथ एक कारतूस चिपका था. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दो गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा किया और लिफाफा, धमकी भरा नोट तथा जिंदा गोली को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया. पुलिस के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने दोपहर 2:15 बजे से पहले यह पैकेट कार के पास रखा था.

वर्सोवा पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल अब इस मामले की गहन जांच कर रही है. अधिकारी आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं ताकि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान हो सके.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बिल्डर को पहले भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं जो कथित तौर पर अंडरवर्ल्ड से जुड़ी हैं. यह धमकी बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में चल रहे एक बड़े रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट से जुड़ी हो सकती है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया है. बंबई हाईकोर्ट ने भी हाल ही में बिल्डर को पुलिस सुरक्षा बहाल करने का निर्देश दिया था. यह घटना मुंबई में बढ़ती एक्सटॉर्शन गतिविधियों की ओर इशारा करती है.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!