अली खामेनेई के बेटे मोजतबा बने ईरान के नए सर्वोच्च नेता: रिपोर्ट
मोजतबा खामेनेई (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)
अयातुल्ला अली खामेनेई के पुत्र मोजतबा खामेनेई को ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स द्वारा देश का नया सर्वोच्च नेता चुना गया है. मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है.
Iran International (ईरान इंटरनेशनल) ने विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट किया है कि ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने अली खामेनेई के पुत्र मोजतबा खामेनेई को देश का अगला सर्वोच्च नेता चुन लिया है.
56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई दिवंगत अयातुल्ला अली खामेनेई के दूसरे नंबर के बेटे. उन्हें लंबे समय से संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता रहा है.
ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने धार्मिक परिषद (असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स) पर मोजतबा खामेनेई की नियुक्ति के समर्थन के लिए भारी दबाव डाला.
इस पद पर आसीन होने के बाद मोजतबा खामेनेई ईरान की सशस्त्र सेनाओं का सर्वोच्च कमांडर होंगे. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) उनके नियंत्रण में होगी.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मोजतबा खामेनेई के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के साथ घनिष्ठ संबंध हैं और माना जाता है कि वह लंबे समय से पर्दे के पीछे रहकर काफी प्रभावशाली भूमिका निभाते रहे हैं.
कहा जाता है कि मोजतबा खामेनेई व्यवहारिक रूप से सुप्रीम लीडर के कार्यालय के संचालन में अहम भूमिका निभाते रहे हैं. उन्होंने ईरान-इराक युद्ध के दौरान ईरान की सशस्त्र सेनाओं में सेवा भी दी थी.
आईएएनएस/हिंदी पोस्ट डॉट इन
