विमान क्रैश के बाद सड़क पर बिखरे नोट, पैसे लूटने जुटी भीड़

Bolivia plane crash 2 (1)
The Hindi Post

विमान क्रैश के बाद सड़क पर बिखरे नोट, पैसे लूटने जुटी भीड़…

 

बोलीविया की राजधानी ला पाज के पास एक बड़ा विमान हादसा होने की खबर सामने आई है. नए नोटों की खेप लेकर जा रहा वायुसेना का एक ‘हरक्यूलिस’ कार्गो विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर व्यस्त हाइवे पर जा गिरा. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत होने की खबर है.

हाइवे पर मची तबाही
दमकल विभाग के प्रमुख पावेल तोवर के अनुसार, विमान ला पाज के पास स्थित एल ऑल्टो शहर में एक हाइवे पर अनियंत्रित होकर जा गिरा. गिरते समय विमान ने हाइवे पर चल रहे लगभग 15 वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मरने वाले लोग विमान में सवार थे या सड़क पर चल रहे वाहनों में. हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो फुटेज में मलबे के साथ-साथ क्षतिग्रस्त गाड़ियां और पीड़ितों के शव बिखरे हुए दिखाई दे रहे हैं.

आसमान से बरसे नोट, लूटने के लिए मची अफरातफरी
यह विमान बोलीविया के सेंट्रल बैंक से छपे हुए नए नोटों को दूसरे शहरों में ले जा रहा था. जैसे ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, भारी मात्रा में नकदी पूरे इलाके में बिखर गई.

वीडियो में देखा जा सकता है कि मलबे के बीच से लोग नोट बटोरने के लिए भाग रहे हैं, जबकि दंगा-रोधी पुलिस (Riot Police) भीड़ को पीछे धकेलने और व्यवस्था बहाल करने की कोशिश कर रही है. पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है ताकि नोटों की सुरक्षा की जा सके.

उड़ानें निलंबित, जांच जारी
अधिकारियों ने फिलहाल ला पाज टर्मिनल से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है. दमकलकर्मियों ने विमान में लगी आग पर काबू पा लिया है. रिपोर्ट्स में अभी यह साफ नहीं है कि विमान उड़ान भरते समय गिरा या लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हुआ.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!