यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, क्या है यह मामला ?

Uday Bhanu Chib Arrested (1) (1)
The Hindi Post

यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, क्या है यह मामला ?

 

नई दिल्ली |इंडियन यूथ कांग्रेस (युवा कांग्रेस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए ‘शर्टलेस प्रोटेस्ट’ के सिलसिले में की गई है. इंडिया एआई समिट पिछले सप्ताह भारत मंडपम (नई दिल्ली) में आयोजित हुई थी.

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मंगलवार सुबह भानु को हिरासत में लिया था और पूछताछ के बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद उदय भानु चिब को कोर्ट मे पेश किया गया.

सूत्रों के अनुसार, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रदर्शन के पीछे कोई संगठित योजना थी या नहीं. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

इससे पहले सोमवार को आरोपियों जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर व अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया था. इनके खिलाफ तिलक मार्ग थाने में मामला दर्ज है. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने के लिए क्यूआर कोड प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन पंजीकरण कराया था. आरोपियों ने पहले काले रंग की छतरियों पर स्टिकर चिपकाकर उन्हें चुपके से भारत मंडपम में ले जाने की योजना बनाई थी. इसके बाद उन्हें लगा कि काले छाते प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों का ध्यान आकर्षित करेंगे. इसके बाद उन्होंने अपनी योजना बदल दी और टी-शर्ट पर छपे स्टिकर अपनी कमीज के नीचे पहन लिए.

बता दें कि यह मामला उस समय चर्चा में आया जब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एआई समिट के दौरान बिना शर्ट पहने विरोध प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों, बढ़ती बेरोजगारी और एआई से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की. कार्यक्रम स्थल पर हंगामे के बाद पुलिस ने सार्वजनिक शांति भंग करने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था. अब तक इस प्रकरण में कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है जिनमें उदय भानु चिब भी शामिल हैं.

पुलिस के अनुसार, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता हॉल नंबर-5 के लॉबी क्षेत्र में घुस गए थे. उन्होंने अपनी शर्ट के नीचे पहनी हुई टी-शर्ट उतारकर या हाथों में पकड़कर नारे लगाए थे.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!