शादी के बाद विदा होकर ससुराल जाने के बजाय यह काम करने पहुंच गई दुल्हन, हैरान रह गए लोग
सांकेतिक तस्वीर (पिक्साबे)
शादी के बाद विदा होकर ससुराल जाने के बजाय यह काम करने पहुंच गई दुल्हन, हैरान रह गए लोग
आगरा में एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. फेरों के तुरंत बाद जहां आमतौर पर दुल्हन की विदाई ससुराल के लिए होती है, वहीं यहां दूल्हा अपनी नवविवाहिता पत्नी को सीधे इंटरव्यू दिलाने ले गया. दुल्हन ने शादी के लाल जोड़े में ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए इंटरव्यू दिया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग दूल्हे की सोच की सराहना कर रहे हैं.
मामला लाडूखेड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायत हिरौड़ा का है. यहां के रहने वाले मनोज कुशवाहा साइबर कैफे संचालक हैं. उनकी शादी 21 फरवरी को अनीशा कुशवाहा के साथ धूमधाम से संपन्न हुई. शादी से एक दिन पहले अनीशा को सूचना मिली कि 22 फरवरी को आगरा के विकास भवन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए उसका इंटरव्यू निर्धारित है. यह खबर सुनकर वह असमंजस में पड़ गई. शादी के अगले ही दिन इंटरव्यू के लिए गांव से शहर पहुंचना और रस्मों के बीच समय निकालना उसके लिए कठिन लग रहा था. उसने मनोज से कहा कि शायद उसे इंटरव्यू छोड़ना पड़े.
लेकिन मनोज ने पत्नी के सपनों को प्राथमिकता दी. उन्होंने अनीशा से कहा कि वह इंटरव्यू जरूर देगी और वह खुद उसे लेकर जाएंगे. इसके बाद मनोज ने दोनों परिवारों से बातचीत की. उन्होंने आग्रह किया कि शादी की रस्में समय पर पूरी कर विदाई जल्दी करा दी जाए ताकि अनीशा इंटरव्यू में शामिल हो सके. परिवार वालों ने भी सकारात्मक सोच का परिचय दिया और इस फैसले का समर्थन किया.
आगरा| अनीशा की जिंदगी का संयोग देखिये! शादी के दिन पता चला कि अगले दिन आंगनवाड़ी वर्कर का इंटरव्यू है. दूल्हा मनोज को अपनी ख्वाहिश बताई. फेरों के बाद दूल्हा सीधा दुल्हन का हाथ थामकर विकास भवन पहुंच गया और दुल्हन का इंटरव्यू कराया.
बाहर आकर दूल्हा बोला- “सपनों से समझौता नही” pic.twitter.com/qbZjxbAg9M
— Vedant Sharma ( son of uttar pradesh ) (@vedant_livee) February 23, 2026
फेरों की रस्में पूरी होने के बाद जब विदाई का समय आया तो मनोज अपनी दुल्हन को ससुराल ले जाने के बजाय सीधे आगरा स्थित विकास भवन पहुंचे. दुल्हन के जोड़े में अनीशा को इंटरव्यू देने पहुंचते देख वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए. कई लोगों ने इस खास पल को अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
अनीशा ने शादी के परिधान में ही पूरे आत्मविश्वास के साथ इंटरव्यू दिया. इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह अपने पति के साथ ससुराल रवाना हुई. मनोज ने कहा कि वह चाहते हैं कि उनकी पत्नी अपने पैरों पर खड़ी हो और अपने सपनों को साकार करे. उनका मानना है कि शादी किसी लड़की के करियर या आकांक्षाओं में बाधा नहीं बननी चाहिए.
बताया जाता है कि करीब तीन महीने पहले अनीशा किसी कार्य से मनोज के साइबर कैफे पर आई थीं. वहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता पसंद में बदल गया. परिवारों की सहमति से शादी तय हुई और अब शादी के अगले ही दिन इंटरव्यू देने की यह घटना समाज में एक सकारात्मक संदेश दे रही है.
