अंपायर मानिक गुप्ता पंचतत्व में विलीन: छोटी बेटी समृद्धि ने दी मुखाग्नि, रो पड़े….
65 वर्षीय अंपायर मानिक गुप्ता की फाइल फोटो / (क्रेडिट : सोशल मीडिया)
अंपायर मानिक गुप्ता पंचतत्व में विलीन: छोटी बेटी समृद्धि ने दी मुखाग्नि, रो पड़े….
उन्नाव के गंगाघाट क्षेत्र के राहुल सप्रू मैदान में क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया था. कानपुर के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता को 50 से अधिक डंक लगे थे. उनके शरीर में जहर फैल गया था और शुक्लागंज से हैलट अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी.
कानपुर के गंगा तट स्थित भगवतदास घाट पर गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया. परिवार में पुत्र न होने के कारण अंतिम संस्कार की सभी रस्में उनकी सबसे छोटी बेटी समृद्धि ने निभाईं. मानिक गुप्ता के परिवार में पत्नी कुसुमलता गुप्ता और चार बेटियां हैं, जिनमें तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि समृद्धि 12वीं की छात्रा है.
जब घर से अर्थी उठाने की तैयारी हो रही थी, तब अंतिम संस्कार की रस्मों को लेकर सवाल उठा. इसी बीच समृद्धि ने भावुक होकर आगे आकर कहा कि वह अपने पिता का अंतिम संस्कार स्वयं करेगी. इसके बाद परिवार और यजमान की सहमति से उसे सभी धार्मिक विधियां निभाने की अनुमति दी गई.
घाट पर पहुंचकर समृद्धि ने पिता को अंतिम स्नान कराया, उनका चेहरा धोया, वस्त्र बदले, माथे पर तिलक लगाया और माला पहनाई. इसके बाद चिता पर शव को रखने के बाद उसने पहली लकड़ी पिता के सीने पर रखी और मुखाग्नि दी. इस दौरान वह फूट-फूटकर रो पड़ी और वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.
बता दे कि मधुमक्खियों का यह हमला सुबह करीब 10 बजे हुआ था. मानिक गुप्ता भी इस हमले से नहीं बच पाए थे. उन्हें बचाया नहीं जा सका. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
