मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड का खिलाड़ियों पर हमला, मैदान पर मची अफरा-तफरी, अंपायर की मौत
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड का खिलाड़ियों पर हमला, मैदान पर मची अफरा-तफरी, अंपायर की मौत
उन्नाव के शुक्लागंज स्थित सप्रू स्टेडियम में क्रिकेट मैच के दौरान भयानक घटना घटी. मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले में 65 वर्षीय अनुभवी अंपायर मानिक गुप्ता की दुखद मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य अंपायर और कई बाल खिलाड़ी घायल हो गए.
मैदान पर अचानक हुआ हमला
सप्रू स्टेडियम में एचए एकेडमी और एसबीएस एकेडमी के बीच अंडर-13 क्रिकेट मुकाबला चल रहा था. मैच के दौरान ही अचानक मधुमक्खियों का एक विशाल झुंड मैदान में आ घुसा और खिलाड़ियों व अंपायरों पर हमला बोल दिया. हमले से मैदान पर अफरा-तफरी मच गई, खिलाड़ी और दर्शक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

अंपायर मानिक गुप्ता का निधन
कानपुर के फीलखाना निवासी अंपायर मानिक गुप्ता इस हमले की सीधी चपेट में आ गए. मधुमक्खियों ने उनके शरीर पर दर्जनों जगह डंक मारे जिससे उनकी स्थिति बिगड़ गई. उन्हें तत्काल कानपुर के हैलेट अस्पताल ले जाया गया और फिर कार्डियोलॉजी विभाग में शिफ्ट किया गया लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. दूसरे अंपायर जगदीश शर्मा और कुछ खिलाड़ी भी इस हमले में घायल हुए हैं जिनका उपचार चल रहा है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.
30 वर्षों का अनुभव और खेल जगत में शोक
मानिक गुप्ता पिछले तीन दशकों से कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) से जुड़े थे. वह केडीएमए क्रिकेट लीग के नियमित अंपायर थे और अपनी निष्पक्षता व अनुभव के लिए खेल जगत में काफी सम्मानित थे. उनके आकस्मिक निधन से स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों और पदाधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
