एक दर्जन से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, बोर्ड परीक्षा के दौरान छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, हर…

BOMB THREAT

धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद एहतियातन छात्रों को खुले स्थान पर पहुंचाया गया / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

एक दर्जन से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, बोर्ड परीक्षा के दौरान छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, हर ….

 

नोएडा | नोएडा में उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के एक दर्जन से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए. यह धमकी ऐसे समय में दी गई, जब स्कूलों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाएं चल रही हैं. परीक्षा के दौरान आई इस धमकी ने छात्रों, अभिभावकों और स्कूल प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है.

सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार सुबह कई निजी स्कूलों के आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरे संदेश भेजे गए. ईमेल में स्कूल परिसरों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी. सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तत्काल स्थानीय पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी दी. एहतियात के तौर पर कुछ स्कूलों में छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जबकि कई जगहों पर परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षा घेरे में जारी रखा गया.

सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा बल, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंच गए. स्कूल परिसरों की सघन चेकिंग की जा रही है. हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु की पुष्टि की जा सके.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी स्कूल से विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच पूरी होने तक सतर्कता बरती जा रही है. पुलिस साइबर सेल की टीम भी धमकी भरे ईमेल की जांच में जुट गई है. ईमेल किस आईडी से भेजा गया, उसका सर्वर और लोकेशन क्या है, इसकी तकनीकी पड़ताल की जा रही है.

अधिकारियों का कहना है कि पहले भी इस तरह की फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं, जिनमें जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया था. हालांकि, हर बार की तरह इस बार भी किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है. अभिभावकों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें.

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर रखी जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह धमकी वास्तविक थी या फिर किसी शरारती तत्व की करतूत. फिलहाल पूरे नोएडा में स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!