सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, हाई से लाखों सस्ती हुई कीमतें
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, हाई से लाखों सस्ती हुई कीमतें…
सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर लगातार जारी है. सोमवार की बड़ी टूट के बाद मंगलवार को भी कीमती धातुओं में तेज कमजोरी देखी गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही चांदी 4,600 रुपये से ज्यादा फिसल गई, जबकि सोना भी गिरावट के साथ खुला. रिकॉर्ड उच्च स्तर से तुलना करें तो चांदी अब 1.80 लाख रुपये प्रति किलो से ज्यादा सस्ती हो चुकी है, वहीं सोना करीब 38,000 रुपये प्रति 10 ग्राम नीचे आ चुका है.
क्या फूट गया चांदी का बुलबुला?
कुछ ही दिनों में चांदी की कीमतों में आई तेज गिरावट ने बाजार को चौंका दिया है. 29 जनवरी को चांदी पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंची थी और 4,20,048 रुपये के लाइफटाइम हाई पर गई थी. उस स्तर से अब तक चांदी 1,80,157 रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो चुकी है, जिससे बाजार में यह सवाल उठ रहा है कि क्या चांदी का बुलबुला फूट गया है.
मंगलवार को खुलते ही धड़ाम चांदी
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को एमसीएक्स पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी सोमवार के 2,39,891 रुपये प्रति किलो के बंद भाव के मुकाबले गिरकर 2,35,206 रुपये पर खुली. यानी कारोबार शुरू होते ही चांदी 4,685 रुपये तक टूट गई.
सोने का भी बुरा हाल
सोने की कीमत भी कम हो गई है. मंगलवार को 2 अप्रैल एक्सपायरी वाले सोने का वायदा भाव पिछले बंद 1,54,760 रुपये से गिरकर 1,53,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इस तरह एमसीएक्स गोल्ड रेट 1,210 रुपये फिसल गया.
29 जनवरी को सोने ने भी चांदी के साथ कदम मिलाते हुए 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का लाइफटाइम हाई छुआ था. इसके बाद शुरू हुई गिरावट का असर अब तक जारी है. मौजूदा स्तर पर सोना अपने उच्च स्तर से 38,336 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
