कार में मिली युवक-युवती की डेडबॉडी, इलाके में फैल गई सनसनी
यूपी के नोएडा में कार में मिला युवक-युवती का शव, पुलिस ने इलाके को घेर कर जांच शुरू कर दी है (आईएएनएस)
कार में मिली युवक-युवती की डेडबॉडी, इलाके में फैल गई सनसनी
नोएडा | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में शनिवार को लड़का-लड़की की लाशें मिलने से सनसनी फैल गई. दोनों के शव एक कार के अंदर मिले. पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेने के बाद फिलहाल आगे की कार्रवाई में जुटी है.
यह घटना सेक्टर 39 पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-107 में हुई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, लड़के ने कथित तौर पर पहले लड़की की गोली मारकर हत्या की और फिर खुद को गोली मर ली. पुलिस को मौके से एक पिस्टल और कारतूस बरामद हुआ है. कार के अंदर मिले शवों को देखने के बाद माना जा रहा है कि दोनों प्रेमी-प्रेमिका थे.
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. स्थानीय लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी थी जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम ने कार से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मृतकों की पहचान सुमित (32 वर्ष) और रेखा (26 वर्ष) के रूप में हुई है. मृतक पुरुष और महिला दोनों दिल्ली के त्रिलोकपुरी के निवासी बताए जा रहे हैं. हालांकि, अभी इस घटना के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है. नोएडा पुलिस ने भी इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.
पिछले हफ्ते ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में भी एक युवती ने अपने प्रेमी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी. पुलिस जांच में सामने आया कि पार्टी के दौरान युवक-युवती के बीच शादी को लेकर कहासुनी हो गई थी. विवाद इतना बढ़ गया था कि महिला मानसिक रूप से बेहद आहत हो गई थी. उसने कमरे में रखी (आरोपी के बैग में) लाइसेंसी पिस्टल से अपने सिर में गोली मार ली थी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी.
युवक की पहचान आशीष पंवार के रूप में हुई थी जो दिल्ली पुलिस में कार्यरत है. दोनों एक-दूसरे को पिछले पांच से छह वर्षों से जानते थे और उनके बीच करीबी संबंध थे. इस मामले में पुलिस ने आरोपी आशीष को गिरफ्तार किया था.
