बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने संसदीय चुनाव में जीत दर्ज की, पीएम मोदी और भारत के बारे में क्या बोली BNP ?

pm modi

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने संसदीय चुनाव में जीत दर्ज की, पीएम मोदी और भारत के बारे में क्या बोली BNP ?

 

बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने 210 से अधिक सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है. इस चुनाव में बीएनपी ने जमात-ए-इस्लामी और छात्रों की नवगठित पार्टी ‘नेशनल सिटीजन पार्टी’ (NCP) को पछाड़ते हुए शानदार जीत दर्ज की है. अब पार्टी प्रमुख तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना तय है.

इस ऐतिहासिक जीत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को शुभकामनाएं दी हैं. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर कहा कि तारिक रहमान की यह जीत उनके प्रति बांग्लादेश की जनता के अटूट भरोसे और विश्वास को दर्शाती है.

बीएनपी ने जताया पीएम मोदी का आभार
पीएम मोदी के इस बधाई संदेश पर बीएनपी की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया आई है. बीएनपी की राष्ट्रीय स्थायी समिति के सदस्य और वरिष्ठ नेता नजरुल इस्लाम खान ने जनता के जनादेश को स्वीकार करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद दिया.

मीडिया से बातचीत करते हुए खान ने कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि तारिक रहमान के नेतृत्व में दोनों पड़ोसी देशों और उनके लोगों के बीच के रिश्ते अब और मजबूत होगा. हमारे नेता तारिक रहमान को बधाई देने के लिए मैं पीएम मोदी का धन्यवाद करता हूं. यह अच्छी बात है कि लोकतांत्रिक देश जनादेश का सम्मान करें. पीएम मोदी ने यह किया है और हम उन्हें धन्यवाद देते हैं.”

पीएम मोदी ने तारिक रहमान को बधाई देते हुए क्या कहा?

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तारिक रहमान को बधाई देते हुए लिखा, ‘मैं तारिक रहमान को बीएनपी का नेतृत्व करते हुए बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में जीत हासिल करने पर हार्दिक बधाई देता हूं. यह जीत आपके नेतृत्व में बांग्लादेश की जनता के विश्वास को दिखाती है.’

उन्होंने आगे लिखा, ‘भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में हमेशा खड़ा रहेगा. मैं उम्मीद करता हूं कि हमारे बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और साझा विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए हम साथ मिलकर काम करेंगे.’

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन


The Hindi Post
error: Content is protected !!