‘PM मोदी का पॉलिटिकल करियर बर्बाद नहीं करना चाहता’, प्रेजिडेंट ट्रंप के इस बयान पर आई भारत की प्रतिक्रिया
फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
‘PM मोदी का पॉलिटिकल करियर बर्बाद नहीं करना चाहता’, प्रेजिडेंट ट्रंप के इस बयान पर आई भारत की प्रतिक्रिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चर्चित बयान ‘बर्बाद नहीं करना चाहता’ पर भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से प्रतिक्रिया आई है. दरअसल, ट्रंप का यह पुराना बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक करियर को लेकर था. विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि इस मामले में ‘उचित कार्रवाई’ की जाएगी. दरअसल, ट्रंप ने पिछले साल अक्टूबर में दिए गए बयान में मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह प्रधानमंत्री मोदी का राजनीतिक करियर बर्बाद नहीं करना चाहते. यह टिप्पणी अमेरिका-भारत संबंधों में व्यापार समझौते और रूस से तेल खरीद को लेकर तनाव के बीच आई थी. पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा था कि मोदी एक महान व्यक्ति हैं… वह ट्रंप से प्यार करते हैं… मैं उनका राजनीतिक करियर बर्बाद नहीं करना चाहता.
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
अमेरिका से ट्रेड डील होने के बाद ट्रंप का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से एक बार फिर वायरल हो गया है. सोशल मीडिया एक्स पर अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दी गई धमकी के रूप में पेश किया जा रहा है. हालांकि, अगर असली वीडियो देखा जाए, तो ट्रंप ने यह टिप्पणी मजाक में की थी. वीडियो वायरल होने के बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से उनकी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान जब पत्रकारों ने सवाल किया तो रणधीर जायसवाल (प्रवक्ता) ने कहा कि उन्होंने वीडियो नहीं देखा है, लेकिन अगर ऐसा कोई वीडियो मौजूद है, तो ‘उचित कार्रवाई’ की जाएगी. जायसवाल ने सख्त लहजे में कहा कि मैंने वीडियो नहीं देखा है… हालांकि, अगर ऐसा कोई वीडियो है, चाहे वह सच हो या झूठा, हम उस पर उचित कार्रवाई करेंगे.
ट्रंप ने पीएम मोदी के करियर को लेकर क्या कहा था
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने 15 अक्टूबर 2025 को प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की. उस वक्त ट्रंप ने दावा किया था कि भारत ने अमेरिका को रूस से तेल खरीद रोकने का आश्वासन दिया है. हालांकि बाद में भारत ने ऐसे किसी ठोस आश्वासन से इनकार कर दिया था. वाइट हाउस में बोलते हुए ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें “महान व्यक्ति” और समय की कसौटी पर खरा उतरने वाला नेता बताया. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप को पसंद करते हैं. इसके बाद ट्रंप थोड़ी देर के लिए रुकते है और आगे कहते हैं कि ‘प्रेम’ या ‘पसंद’ शब्द को किसी गलत अर्थ में नहीं लिया जाना चाहिए, क्योंकि वह प्रधानमंत्री मोदी के ‘राजनीतिक करियर को बर्बाद नहीं करना चाहते.’
