एयर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच अभी भी जारी है: AAIB
फाइल फोटो | आईएएनएस
क्या पायलट ने जानबूझकर एयर इंडिया विमान को क्रैश कराया था ?, सरकार का आया गया बयान
नई दिल्ली | एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 हादसे की जांच पूरी होने संबंधी मीडिया रिपोर्टें गलत और अटकलों पर आधारित हैं. एजेंसी ने कहा कि जांच अभी जारी है और कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है.
AAIB के बयान के अनुसार, पहले जारी की गई प्रारंभिक रिपोर्ट उस समय उपलब्ध तथ्यों पर आधारित थी. अंतिम जांच रिपोर्ट, जिसमें निष्कर्ष और सुरक्षा संबंधी सिफारिशें शामिल होंगी, जांच पूरी होने के बाद अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रकाशित की जाएगी.
ब्यूरो ने कहा कि विमान दुर्घटना की जांच एयरक्राफ्ट (इन्वेस्टिगेशन ऑफ एक्सीडेंट्स एंड इंसिडेंट्स) रूल्स, 2025 और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के एनेक्स-13 के तहत तय प्रक्रियाओं के अनुसार की जाती है. ऐसी जांच पूरी तरह तकनीकी और साक्ष्य आधारित होती है जिसका उद्देश्य दुर्घटना के मूल कारणों का पता लगाना और भविष्य में सुरक्षा को मजबूत करना है.
AAIB ने मीडिया संस्थानों से संयम बरतने और समय से पहले अटकलें लगाने से बचने की अपील की है. एजेंसी का कहना है कि अपुष्ट खबरें जनता में अनावश्यक चिंता पैदा करती हैं और पेशेवर जांच की विश्वसनीयता को प्रभावित करती हैं.
बयान में कहा गया है कि AAIB पारदर्शिता, प्रक्रियात्मक निष्पक्षता और विमानन सुरक्षा के उच्चतम मानकों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
बता दें कि इटली के अखबार Corriera Della Sera ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया था कि अहमदाबाद में जो हादसा हुआ था वह किसी टेक्निकल खामी की वजह से नहीं बल्कि, ‘जानबूझकर की गई हरकत’ का नतीजा था.
गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में बीते साल एअर इंडिया विमान हादसे में कुल 260 लोगों की जान चली गई थी. इनमें से 241 लोग विमान में सवार थे और 19 लोग जमीन पर मौजूद थे, जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था. विमान में बैठे केवल एक शख्स इस हादसे में बचा था, जो कि 11A सीट पर बैठा था.
IANS/Hindi Post Dot In
