मेले में बड़ा हादसा, टूट गया झूला, एक पुलिस अधिकारी की मौत, कई घायल
मेले में बड़ा हादसा, टूट गया झूला, एक पुलिस अधिकारी की मौत, कई घायल
हरियाणा के फरीदाबाद में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां आयोजित सूरजकुंड मेले में एक झूला अचानक टूट गया. इससे हड़कंप मच गया. इस घटना में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई है और कई अन्य लोग घायल हुए है.
फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा के अनुसार, यह घटना शाम करीब 6:15 बजे तब हुई जब झूला अचानक एक तरफ झुक गया और टूट गया. इस दौरान इसमें लोग सवार थे. हादसे में एक पुलिस अधिकारी (इंस्पेक्टर) की दुखद मृत्यु हो गई है. वह दूसरे लोगों की जान बचाने की कोशिश कर रहे थे.
पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, “जब झूला झुकने लगा था तब इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने लोगों को बचाने की कोशिश की थी लेकिन झूले का एक हिस्सा उनके चेहरे और सिर से टकराया. इस हादसे में कुल 13 लोग घायल हुए हैं जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है और उनका उपचार चल रहा है.”
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि झूला संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस उपायुक्त ने कहा कि इस मामले में FIR दर्ज की जाएगी और गहन जांच की जाएगी.
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा, “फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले के दौरान हुए हादसे से मैं अत्यंत दुखी हूं. मैं इस दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.”
हिंदी पोस्ट डॉट इन
