अजब-गजब चोरी: सोने की चेन लेकर फुर्र हुआ कबूतर, कीमत है एक लाख

pigeon

सर्राफा दुकान से चेन लेने के बाद कबूतर इसे गले में डाले यहां-वहां फड़ता रहा / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)

The Hindi Post

अजब-गजब चोरी: सोने की चेन लेकर फुर्र हुआ कबूतर, कीमत है एक लाख

 

राजस्थान के नागौर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सबको हैरत में डाल दिया है. आमतौर पर चोरी की वारदातों में इंसानों का हाथ होता है लेकिन नागौर के डेगाना में एक ‘नन्हे चोर’ ने सर्राफा बाजार के होश उड़ा दिए. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यहां एक कबूतर एक लाख रुपए की सोने की चेन लेकर फुर्र हो गया.

क्या है पूरा मामला?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, डेगाना इलाके में एक ज्वैलरी शॉप के ऊपर बने वर्कशॉप में सोने के गहने बनाने का काम चल रहा था. एक कारीगर सोने की चेन को अंतिम रूप दे रहा था, तभी अचानक एक कबूतर वहां आया. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, कबूतर ने अपनी चोंच में चेन फंसाई और उड़ गया. दिलचस्प बात यह रही कि उड़ते समय वह चेन कबूतर के गले में किसी हार की तरह फंस गई.

इस कबूतर को जिसने भी देखा, वह देखता ही रह गया. सोशल मीडिया पर इसके वीडियो और तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं. लोग मजाक में कह रहे हैं कि शायद कबूतर को भी अब महंगाई और रिटायरमेंट की चिंता सताने लगी है. कुछ यूजर्स ने इसकी तुलना बॉलीवुड फिल्मों के जासूसी कबूतरों से भी की.

कैसे मिली चेन वापस?

एक कारीगर ने कहा, “इस घटना के बाद आसपास की दुकानों के दुकानदार दुकान के बाहर जमा हो गए. लोग लगातार कबूतर पर नजर रखे हुए थे और कुछ लोग उसे पकड़ने के लिए छत पर भी गए. उन लोगों ने कबूतर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह उड़ गया. इसी आपाधापी के दौरान सोने की चेन छत पर ही गिर गई.”

यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. गनीमत रही कि न तो कबूतर को कोई चोट आई और न ही दुकानदार को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा.

 

(अस्वीकरण: इस खबर में दी गई जानकारी स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर है. हमारा उद्देश्य केवल सूचना साझा करना है. हिंदी पोस्ट डॉट इन इन किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है.)

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!