96 किलो वजन और 23 फीट से ज्यादा लंबाई; मिलिए दुनिया की नई ‘सांपों की रानी’ इबू बैरोन से
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
96 किलो वजन और 23 फीट से ज्यादा लंबाई; मिलिए दुनिया की नई ‘सांपों की रानी’ इबू बैरोन से
इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप से वन्यजीव जगत को हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां मारोस क्षेत्र में एक विशालकाय मादा अजगर (रेटिकुलेटेड पायथन) मिली है जिसकी लंबाई ने विश्व रिकॉर्ड कायम किया है. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने आधिकारिक तौर पर इसकी लंबाई 7.22 मीटर (लगभग 24 फीट) दर्ज की है, जो इसे दुनिया का सबसे लंबा प्रमाणित जंगली सांप बनाती है.
‘इबू बैरोन’: राजसी कद और वजन
इस विशालकाय अजगर का नाम ‘इबू बैरोन’ रखा गया है, जिसका अर्थ ‘उच्च कुल की महिला’ होता है. इसकी विशालता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लंबाई एक फुटबॉल गोलपोस्ट की चौड़ाई के बराबर है.
इसका वजन 96.5 किलोग्राम दर्ज किया गया है. चूंकि इसने हाल ही में शिकार नहीं किया था, इसलिए माना जा रहा है कि भोजन के बाद इसका वजन 100 किलो पार कर जाएगा.
माप के दौरान सांप को बेहोश (एनेस्थीसिया) नहीं किया गया था. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह पूरी तरह आराम की मुद्रा में होती तो इसकी लंबाई 7.9 मीटर तक हो सकती थी.
View this post on Instagram
रेस्क्यू और संरक्षण
स्थानीय स्तर पर इस विशालकाय सांप की अफवाहें फैलने के बाद, दियाज नुग्राहा के नेतृत्व में विशेषज्ञों की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची. आमतौर पर बस्तियों के पास मिलने वाले इतने बड़े सांपों को ग्रामीण डर के कारण मार देते हैं, लेकिन टीम ने इसे सुरक्षित बचा लिया. वर्तमान में इसे संरक्षणवादी बूदी पुरवांतो की निजी सैंक्चुअरी में सुरक्षित रखा गया है.
पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त
इससे पहले सबसे लंबे जंगली अजगर का रिकॉर्ड 6.95 मीटर था, जो 1999 में बोर्नियो में मिला था. इबू बैरोन ने 26 साल पुराने इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. विशेषज्ञों का कहना है कि जंगलों के घटने और आवास खत्म होने के कारण अब ऐसे बड़े शिकारी भोजन की तलाश में मानवीय बस्तियों के करीब आ रहे हैं जो इंसान और वन्यजीवों के बीच बढ़ते टकराव का संकेत है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
