दुल्हन ने खुद ही उजाड़ा अपना सुहाग, प्रेमी से करवाई अपने पति की हत्या, दिलवाई दर्दनाक मौत, रची ऐसी खौफनाक साजिश कि पढ़ कर उड़ जाएंगे होश
सांकेतिक तस्वीर
दुल्हन ने खुद ही उजाड़ा अपना सुहाग, प्रेमी से करवाई अपने पति की हत्या, दिलवाई दर्दनाक मौत, रची ऐसी खौफनाक साजिश कि पढ़ कर उड़ जाएंगे होश
जयपुर/श्रीगंगानगर: इंदौर के चर्चित सोनम रघुवंशी हनीमून मर्डर केस की यादें अभी धुंधली भी नहीं हुई थीं कि राजस्थान के श्रीगंगानगर से ठीक वैसा ही एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नवविवाहिता ने प्रेमी के साथ मिलकर शादी के महज तीन महीने बाद ही अपने पति की नृशंस हत्या कर दी. पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और दो उनके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस जांच के अनुसार, 23 वर्षीय अंजलि का संजय उर्फ संजू (25) के साथ पिछले सात वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. अंजलि का परिवार इस रिश्ते के बारे में जानता था लेकिन उसकी मर्जी के खिलाफ 30 अक्टूबर 2025 को आशीष कुमार (27) से शादी करा दी गई.
हाल ही में आशीष ने एक निजी स्कूल में शिक्षक के तौर पर नौकरी ज्वाइन की थी. वह बीएससी ग्रेजुएट था. वह इस बात से अनजान था कि उसके मौत की साजिश रची जा रही है.
शादी के बाद अंजलि ने अपने प्रेमी संजय के करीब रहने के लिए आशीष से श्रीगंगानगर में रहने की जिद की. उसने कहा कि वह श्रीगंगानगर में रहकर आगे की पढ़ाई जारी रखेगी लेकिन आशीष ने इसके लिए मना कर दिया.
पुलिस का कहना है कि इसी इनकार ने हत्या की साजिश को अंतिम रूप दे दिया. हत्या से 16 दिन पहले अंजलि अपने माता-पिता के घर गई थी जहां उसने चोरी-छिपे संजय से मुलाकात की थी. इस दौरान, दोनों ने मिलकर आशीष को रास्ते से हटाने का पूरा प्लान तैयार किया.

30 जनवरी की रात को अंजलि ने आशीष को रात के खाने के बाद टहलने के लिए राजी किया. रावला थाना क्षेत्र के गांव 1 KLM के पास एक सुनसान सड़क पर संजय अपने दो साथियों—रोहित उर्फ रॉकी (20) और बादल उर्फ सिद्धार्थ (20)—के साथ पहले से ही झाड़ियों में छिपा हुआ था.
जैसे ही अंजलि ने इशारा दिया, तीनों आशीष पर टूट पड़े. उन्होंने उस पर डंडों से प्रहार किया. जब आशीष की जान नहीं गई तो हमलावरों ने मफलर से उसका गला घोंट दिया. सिर की गंभीर चोटों और दम घुटने (asphyxiation) को पोस्टमॉर्टेम रिपोर्ट में मौत का कारण बताया गया है.
पुलिस को गुमराह करने के लिए अंजलि ने आशीष का मोबाइल फोन और अपने खुद के कान के बुंदे हमलावरों को दे दिए ताकि मामला लूटपाट या दुर्घटना जैसा लगे. वारदात के बाद वह शव के पास बेहोशी की हालत में मिली. आशीष को रावला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
पुलिस अधीक्षक (SP) अमृता दुहन ने पुष्टि की है कि अंजलि, उसके प्रेमी संजय और दोनों सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. तीनों पुरुष आरोपी पांच दिन के पुलिस रिमांड पर हैं, जबकि अंजलि को दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है.
IANS/Hindi Post Dot In
