लोकसभा सांसदों पर एक्शन, 8 को किया गया निलंबित……, क्या है इसका कारण ?
लोक सभा की फोटो (आईएएनएस)
लोकसभा सांसदों पर एक्शन, 8 को किया गया निलंबित……, क्या है इसका कारण ?
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान लोकसभा में आज (मंगलवार, 3 फरवरी को) दूसरे दिन भी हंगामा देखने को मिला. नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज फिर से जनरल नरवणे के संस्मरण का जिक्र करना शुरू किया तो सत्ता पक्ष ने इस पर आपत्ति जताई. इस दौरान सदन में हंगामा होने लगा. तभी कुछ विपक्षी सांसदों ने आसन की तरफ पेपर फेंक दिए. अब उन सांसदों पर गाज गिरी है. संसदीय कार्य मंत्री द्वारा पेश एक प्रस्ताव में के बाद उन सांसदों को अब पूरे बजट सत्र से निलंबित कर दिया गया है.
सदन में हंगामा करने और आसन की तरफ पेपर उछालने के आरोप में जिन सांसदों को निलंबित किया गया है, उनमें मणिक्कम टैगोर, किरण कुमार रेड्डी, प्रशांत पडोले, हिबी ईडन, डीन कुरिया कोस, एस वेंकटेशन, गुरजीत सिंह औजला और अमरेंद्र सिंह राजा वारिंग के नाम शामिल हैं. कुल आठ विपक्षी सांसदों को इस सत्र के बाकी समय के लिए सस्पेंड कर दिया गया है.
हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही पहले दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित की गई थी लेकिन जब तीन बजे दोबारा सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इन सासदों के निलंबन से संबंधित सदन में एक प्रस्ताव पेश किया. संसदीय कार्य मंत्री ने आठों सदस्यों का नाम लेते हुए सदन में प्रस्ताव रखा कि सदन की अवमानना करने और महासचिव तथा लोकसभा अधिकारियों की मेजों के पास आकर कागज उछालकर आसन की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए उक्त सभी सदस्यों को नियम 374 (2) के तहत संसद के वर्तमान सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया जाए, जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया.
इसके बाद पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने आसन की अवज्ञा करने के लिए आठ सांसदों के नाम लिए. आसन ने सांसदों के निलंबन की घोषणा करते हुए सदन की कार्यवाही बुधवार तक स्थगित कर दी. इसके बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और दूसरे सांसदों समेत कांग्रेस सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर लोकसभा से 8 कांग्रेस सांसदों के सस्पेंशन और भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की.
बता दें कि विपक्षी सदस्यों ने सदन में राहुल गांधी को बोलने की अनुमति नहीं मिलने के मुद्दे पर नारेबाजी करते हुए आसन के समीप कागज उछालकर फेंके थे. राहुल गांधी ने मंगलवार को सदन में नरवणे की पुस्तक पर आधारित लेख को सत्यापित करते हुए सदन के पटल पर रखा. उन्होंने फिर से नरवणे के संस्मरण और चीन के साथ टकराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का महत्वपूर्ण मुद्दा है जिसका चीन तथा पाकिस्तान के साथ संबंध है और यह राष्ट्रपति के अभिभाषण का प्रमुख हिस्सा है लेकिन आसन से उन्हें आगे बोलने की अनुमति नहीं दी गई.
