अजित पवार प्लेन क्रैश : तेज धमाका और आसमान छूता आग का गोला….., रूह कंपा देगा हादसे का VIDEO
सीसीटीवी फुटेज से लिया गया स्क्रीनग्रैब / (क्रेडिट : सोशल मीडिया)
अजित पवार प्लेन क्रैश : तेज धमाका और आसमान छूता आग का गोला….., रूह कंपा देगा हादसे का VIDEO
महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजीत पवार को ले जा रहे विमान के क्रैश का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. दिल दहला देने वाले इस वीडियो में प्लेन हादसे की भयावहता साफ तौर पर देखी जा सकती है. वीडियो में देखा जा सकता है कैसे चंद सेकंड में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और आग के गोले में तब्दील हो गया.
यह हादसा बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती के पास लैंडिंग के दौरान हुआ, जहां यह घटना पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. इस वीडियो में विमान आसमान से तेजी से नीचे गिरता दिख रहा है. जमीन से टकराते ही विमान में एक तेज धमाका होता है और वह आग के गोले में बदल जाता है. कुछ ही सेकंड में घटनास्थल से आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार उठता दिखाई देता है.
अजित पवार को ले जा रहे विमान हादसे का CCTV फुटेज#AjitPawar #PlaneCrash pic.twitter.com/8QsNrEjXR9
— Prabhakar Kumar (@prabhakarjourno) January 28, 2026
एक चश्मदीद ने कहा, “मैंने जो देखा है वो ये कि प्लेन रनवे की तरफ बढ़ रहा था, लेकिन वह रनवे से 100 फीट पहले ही नीचे गिर गया.” फ्लाइट रडार का ये मैप बताता है कि कैसे विमान ने एक बड़ा चक्कर काटा और रनवे पर दूसरी बार अप्रोच किया. लेकिन लैंडिंग के पहले ही गिर गया. इस हादसे में महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजीत पवार और चार अन्य लोगों की जान चली गई. यह दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुई. विमान ने मुंबई से उड़ान भरी थी और करीब एक घंटे बाद यह हादसा हो गया.
घटनास्थल से मिले वीडियो और तस्वीरों में विमान का मलबा और धधकती आग दिखाई दे रही है. चारों तरफ विमान के टुकड़े बिखरे पड़े थे. स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए और एंबुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचाने में सहयोग किया. सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाएं और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंच गए.
अजित पवार जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के सिलसिले में एक जनसभा को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे. इस दुखद खबर के बाद उनका परिवार बारामती के लिए रवाना हो गया है. उनकी पत्नी और सांसद सुनेत्रा पवार, बेटे पार्थ और चचेरी बहन सुप्रिया सुले दिल्ली से घटनास्थल के लिए निकलने की तैयारी कर रहे थे.
महाराष्ट्र सरकार ने उपमुख्यमंत्री के सम्मान में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है. यह शोक 28 जनवरी से 30 जनवरी तक मनाया जाएगा. इस दौरान सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा. शोक की अवधि में कोई भी सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा. अजित पवार के निधन के कारण बुधवार को महाराष्ट्र के सभी सरकारी कार्यालय भी बंद रहेंगे.
