10 हजार किलो अमोनियम नाइट्रेट और अन्य सामग्री बरामद, पुलिस ने सुलेमान खान को पकड़ा

EXPLOSION

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

10 हजार किलो अमोनियम नाइट्रेट और अन्य सामग्री बरामद, पुलिस ने सुलेमान खान को पकड़ा

 

नागौर | राजस्थान के नागौर से बड़ी खबर सामने आई है. यहां पुलिस ने एक फार्महाउस पर शनिवार रात को रेड मारी और करीब 10,000 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया. पुलिस को विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी यहां से मिली है. इस मामले में अवैध भंडारण और तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह विस्फोटक सामग्री जिले (नागौर) के थाना थांवला क्षेत्र के सरहद हरसौर गांव में कृषि भूमि पर बने एक मकान में छिपाकर रखी गई थी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “यह विस्फोटकों की एक बहुत बड़ी खेप है. अगर इसका गलत इस्तेमाल होता तो इसके विनाशकारी परिणाम हो सकते थे.”

जिला विशेष टीम (DST) और थांवला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 187 बोरों में भरा 9,550 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ है. इसके अलावा बड़ी संख्या में डेटोनेटर, फ्यूज वायर और अन्य विस्फोटक उपकरण भी बरामद हुए है.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुलेमान खान (58 वर्ष) के रूप में हुई है. नागौर के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है.

एक जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई, इसका उद्देश्य क्या था और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं है.

पुलिस ने इस संभावना से भी इनकार नहीं किया है कि इन विस्फोटकों का इस्तेमाल अवैध खनन गतिविधियों के लिए किया जाना था.

Hindi Post Dot In

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!