फिल्म ‘धुरंधर’ में अभिनय करने वाले अभिनेता गिरफ्तार, नौकरानी से दुष्कर्म का आरोप

BIG NEWS 3 (1)
The Hindi Post

फिल्म ‘धुरंधर’ में अभिनय करने वाले अभिनेता गिरफ्तार, नौकरानी से दुष्कर्म का आरोप

 

मुंबई | हाल ही में आई फिल्म धुरंधर फिल्म में अभिनय करने वाले अभिनेता नदीम खान को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन पर नौकरानी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है. पीड़िता ने एक्टर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पीड़िता का कहना है कि नदीम ने शादी का झांसा देकर उसके साथ 10 साल तक दुष्कर्म किया.

नदीम ने धुरंधर फिल्म में डकैत रहमान (अक्षय खन्ना) के रसोइया अखलाक का रोल किया था.

जानकारी के अनुसार, मालवणी पुलिस ने नदीम खान को नौकरानी से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है. मुंबई के मनोरंजन जगत को झकझोर देने वाली यह घटना मालाड के मालवणी इलाके से सामने आई है.

नदीम खान पर घरेलू काम करने वाली महिला के साथ करीब 10 वर्षों तक दुष्कर्म और यौन शोषण करने का गंभीर आरोप है. इसके चलते पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है.

पीड़ित महिला अभिनेता नदीम खान के घर घरेलू काम करती थी. आरोप है कि नदीम खान ने महिला को शादी का झूठा आश्वासन देकर कई वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए.

साल 2015 से आरोपी नदीम खान ने महिला का भरोसा जीतकर बार-बार उसके साथ अत्याचार और दुष्कर्म किया. शुरुआत में महिला डर के कारण शिकायत दर्ज नहीं करा पाई थी लेकिन जब आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया और मानसिक उत्पीड़न बढ़ने लगा, तब महिला ने पुलिस का रुख किया.

महिला की शिकायत के आधार पर मालवणी पुलिस ने अभिनेता नदीम खान के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है. आरोपी ने मुंबई में इसी तरह कितनी और महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है, इस दिशा में मालवणी पुलिस आगे की जांच कर रही है.

बता दें कि धुरंधर फिल्म 2 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी. इसका निर्देशन आदित्य धर ने किया है. फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अक्षय खन्ना, और सारा अर्जुन जैसे बड़े कलाकारों ने अभिनय किया है.

By IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!