“उस समय मैं उनके ठीक बगल में थी…,” प्रशांत तमांग के निधन के बाद पत्नी मार्था ने दी पहली प्रतिक्रिया, बताया- कैसे हुई मौत ?
पत्नी मार्था और बेटा के साथ सिंगर और एक्टर प्रशांत तमांग - फोटो : इंस्टाग्राम-@prashanttamangofficial
“उस समय मैं उनके ठीक बगल में थी…,” प्रशांत तमांग के निधन के बाद पत्नी मार्था ने दी पहली प्रतिक्रिया, बताया- कैसे हुई मौत ?
इंडियन आइडल सीजन-3 के विजेता, लोकप्रिय गायक और अभिनेता प्रशांत तमांग का रविवार, 11 जनवरी को निधन हो गया. उनके अचानक चले जाने से मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है. प्रशांत की पत्नी मार्था एले तमांग ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि उनकी मौत प्राकृतिक कारणों से हुई और वह सोते हुए इस दुनिया से विदा हो गए. प्रशांत अपने पीछे पत्नी और एक बेटी को छोड़ गए हैं.
प्रशांत तमांग को याद करते हुए उनकी पत्नी मार्था भावुक हो गईं. समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने दुनिया भर से मिल रहे समर्थन के लिए आभार जताया. उन्होंने कहा, “मुझे हर जगह से फोन आ रहे हैं. लोग फूल भेज रहे हैं, घर के बाहर खड़े हैं और अस्पताल आकर उन्हें आखिरी बार देखने की कोशिश कर रहे हैं. यह मेरे लिए बेहद भावुक पल है. कृपया उन्हें उसी प्यार से याद रखें, जैसे आप हमेशा रखते आए हैं. वह एक अच्छे इंसान और महान आत्मा थे.”
प्रशांत की मौत को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए मार्था ने स्पष्ट किया कि कोई संदिग्ध परिस्थिति नहीं थी. उन्होंने कहा कि प्रशांत की मृत्यु नींद में हुई. उन्होंने कहा, “यह एक नेचुरल मौत थी. जब उन्होंने हमें छोड़ा तो वह सो रहे थे. उस समय मैं उनके ठीक बगल में थी.”
दार्जिलिंग के रहने वाले प्रशांत तमांग ने अपने करियर की शुरुआत वेस्ट बंगाल पुलिस ऑर्केस्ट्रा से की थी. 2007 में इंडियन आइडल जीतने के बाद वह देशभर में लोकप्रिय हो गए. इसके बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा और नेपाली फिल्मों के साथ-साथ कई हिंदी प्रोजेक्ट्स में भी काम किया. उनके प्रमुख कामों में ‘गोरखा पलटन’, ‘निशानी’, और वेब सीरीज ‘पाताल लोक सीजन-2’ शामिल हैं. खबरों के मुताबिक, वह सलमान खान की आगामी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में भी नजर आएंगे.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
