सड़क पर मिला खून से सना शव, शहर की पहली महिला ऑटो ड्राइवर निकली मृतका
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
सड़क पर मिला खून से सना शव, शहर की पहली महिला ऑटो ड्राइवर निकली मृतका
झांसी में महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनी एक महिला की मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है. जिले की पहली महिला ऑटो चालक रहीं 40 वर्षीय अनीता चौधरी का खून से सना शव मिलने के बाद परिजन इसे लूटपाट के बाद की गई हत्या बता रहे हैं. वहीं पुलिस फिलहाल हादसे की आशंका जता रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सच से पर्दा उठेगा.
परिजनों के मुताबिक, अनीता रविवार रात करीब 9:30 बजे रोज की तरह ऑटो चलाने निकली थीं. देर रात करीब 1:30 बजे परिवार को सूचना मिली कि स्टेशन रोड स्थित सुकुवां-ढुकुवां कॉलोनी के पास वह गंभीर हालत में पड़ी हैं. जब तक परिजन मौके पर पहुंचे तब तक अनीता की मौत हो चुकी थी. घटनास्थल पर ऑटो पलटा हुआ मिला और अनीता के शरीर से खून बह रहा था.
अनीता नवाबाद थाना क्षेत्र के तालपुरा स्थित अंबेडकर नगर की रहने वाली थीं. वह झांसी की पहली महिला ऑटो ड्राइवर थीं और बीते कई वर्षों से अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थीं. इससे पहले उन्होंने करीब 15 साल तक नौकरी की थी लेकिन वर्ष 2020 में सुपरवाइजर से विवाद के बाद उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी. घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर उन्होंने खुद काम करने की सोची.

परिवार के विरोध और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अनीता ने हिम्मत नहीं हारी. बैंक से फाइनेंस पर ऑटो लेने के लिए उन्होंने खुद दस्तावेज जुटाए और 18 फरवरी 2021 को नया ऑटो खरीदा. शुरुआत में उन्हें ड्राइविंग भी नहीं आती थी. उन्होंने अपने पड़ोसी से ड्राइविंग सीखी थी. इसके बाद अनीता सुबह-शाम ऑटो चलाकर और दिन में घर का काम करके परिवार का खर्च चलाने लगी.
अनीता की बहन विनीता चौधरी का कहना है कि अगर यह हादसा होता तो शरीर पर कई जगह चोट के निशान होते. लेकिन अनीता के सिर्फ सिर पर चोट थी. इसके अलावा उनका मंगलसूत्र, कान-नाक के गहने, पायल और मोबाइल भी गायब हैं. इससे परिवार को शक है कि पहले लूटपाट की गई और फिर हत्या कर शव फेंका गया.
वहीं, नगर क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का लग रहा है लेकिन परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.
Hindi Post Dot In
