25 वर्षीय अभिनेत्री की मौत, पीछे छोड़ गई है 3 साल के बेटे को, बॉयफ्रेंड को किया गया गिरफ्तार
25 वर्षीय अभिनेत्री की मौत, पीछे छोड़ गई है 3 साल के बेटे को, बॉयफ्रेंड को किया गया गिरफ्तार
The Lion King फिल्म में ‘यंग नाला’ की भूमिका निभा चुकीं 25 वर्षीय एक्ट्रेस इमानी दिया स्मिथ की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है. यह दर्दनाक घटना रविवार, 21 दिसंबर को अमेरिका के न्यू जर्सी राज्य से सामने आई. पुलिस के मुताबिक, इमानी के शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे. इस मामले में उनके बॉयफ्रेंड जॉर्डन डी. जैक्सन-स्मॉल को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस को सुबह करीब 9:18 बजे आपातकालीन नंबर 911 पर कॉल मिली जिसमें चाकू से हमले की सूचना दी गई थी. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो इमानी न्यू जर्सी के एडिसन स्थित अपने घर में गंभीर रूप से घायल मिली. उन्हें तुरंत रॉबर्ट वुड जॉनसन यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मिडलसेक्स काउंटी प्रॉसिक्यूटर ऑफिस की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के तुरंत बाद जांच शुरू कर दी गई थी.
जांच में सामने आया कि 35 वर्षीय जॉर्डन डी. जैक्सन-स्मॉल पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर, बच्चे की सुरक्षा को खतरे में डालने, और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमानी और जॉर्डन एक-दूसरे को पहले से जानते थे, इसलिए यह घटना अचानक हुई हिंसा नहीं मानी जा रही है.
इमानी अपने पीछे तीन साल के बेटे को छोड़ गई हैं जो अब अपनी मौसी के पास रह रहा है. वह अपने परिवार की इकलौती कमाने वाली सदस्य थी. उनकी मौत के बाद परिवार की मदद के लिए मौसी कीरा हेल्पर ने GoFundMe पर फंडरेजर शुरू किया है. फंडरेजर पेज पर इमानी को एक जिंदादिल, प्रतिभाशाली और प्यार बांटने वाली कलाकार बताया गया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक इस अभियान के जरिए 46,000 अमेरिकी डॉलर से अधिक की राशि जुटाई जा चुकी है.
Hindi Post Dot In
