हिन्दू युवक की हत्या मामले में बांग्लादेश से आई बड़ी खबर…..
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस की फाइल फोटो / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
हिन्दू युवक की हत्या मामले में बांग्लादेश से आई बड़ी खबर……
ढाका/मयमनसिंह | बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले के वालुका इलाके में 27 वर्षीय हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या के मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है. अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने बताया कि रैपिड एक्शन बटालियन (RAB) ने इस जघन्य घटना में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. सभी से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है.
मोहम्मद यूनुस ने सोशल मीडिया पर कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने साफ किया कि किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मुख्य सलाहकार के अनुसार, RAB-14 ने विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग स्थानों से सात संदिग्धों को हिरासत में लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद लिमोन सरकार (19), मोहम्मद तारेक हुसैन, मोहम्मद मणिक मिया (20), इरशाद अली (39), निजुम उद्दीन (20), आलमगीर हुसैन (38) और मोहम्मद मिराज हुसैन अकोन (46) शामिल हैं.
यूनुस ने कहा कि यह घटना न केवल मानवता के खिलाफ अपराध है बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी गंभीर नुकसान पहुंचाने की कोशिश है. उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया.
गौरतलब है कि अंतरिम सरकार ने पहले ही बयान जारी कर कहा था कि “नए बांग्लादेश” में ऐसी हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कथित ईशनिंदा के आरोप में भीड़ ने दीपू चंद्र दास की बेरहमी से पिटाई की थी और हत्या के बाद उसके शव को आग लगा दी थी. सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने शांति बनाए रखने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए सख्त कदम उठाने का आश्वासन दिया है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
