Post Office धांसू स्कीम! ₹12500 की बचत पर जुटाएं 40 लाख रुपये का फंड, वो भी ‘टैक्स फ्री’….

Post office scheme (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

Post Office धांसू स्कीम! ₹12500 की बचत पर जुटाएं 40 लाख रुपये का फंड, वो भी ‘टैक्स फ्री’….

 

यदि आप अपनी आय का एक हिस्सा लगाकर बेहतर रिटर्न पाना चाहते हैं तो पोस्ट ऑफिस द्वारा संचालित बचत योजनाएं आपके लिए उपयुक्त साबित हो सकती हैं. इन योजनाओं में पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) विशेष रूप से उन निवेशकों के बीच लोकप्रिय है जो कम जोखिम के साथ टैक्स-फ्री रिटर्न की तलाश में रहते हैं.

PPF एक सरकारी बचत योजना है जिसमें वर्तमान में 7.1 प्रतिशत की दर से वार्षिक ब्याज दिया जा रहा है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह EEE (Exempt–Exempt–Exempt) श्रेणी में आती है. इसका अर्थ है कि निवेश की गई राशि, उस पर मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी पर प्राप्त रकम—तीनों ही पूरी तरह कर-मुक्त होती हैं. इसके अलावा, PPF में किया गया निवेश आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत कर कटौती के लिए भी पात्र होता है जिससे यह उच्च कर-श्रेणी के निवेशकों के लिए भी लाभकारी बन जाता है.

PPF खाते का लॉक-इन पीरियड 15 वर्ष का होता है. इसमें न्यूनतम ₹500 से निवेश की शुरुआत की जा सकती है, जबकि एक वित्तीय वर्ष में अधिकतम ₹1.50 लाख तक का निवेश किया जा सकता है. यह राशि एकमुश्त या किस्तों में जमा की जा सकती है. 15 वर्ष की अवधि पूरी होने के बाद, निवेशक चाहें तो खाते को पांच-पांच वर्ष के ब्लॉक में आगे भी बढ़ा सकते हैं.

यदि कोई निवेशक हर वित्तीय वर्ष में PPF की अधिकतम सीमा यानी ₹1.50 लाख का नियमित निवेश करता है तो उसे प्रतिमाह लगभग ₹12,500 की बचत करनी होगी. यानी 15 साल तक नियमित इस राशि की बचत करते हुए इसे पीपीएफ खाते में जमा करना होगा. इस प्रकार 15 वर्षों में कुल निवेश ₹22,50,000 होता है. मौजूदा 7.1 प्रतिशत ब्याज दर के अनुसार, इस अवधि में लगभग ₹18.18 लाख का ब्याज अर्जित होगा. परिणामस्वरूप, 15 वर्ष के अंत में कुल मैच्योरिटी राशि करीब ₹40.68 लाख हो जाएगी जो पूरी तरह टैक्स-फ्री होगी.

PPF खाता देश के किसी भी नजदीकी डाकघर या बैंक में खोला जा सकता है. इस योजना के तहत तीसरे वित्तीय वर्ष से लोन सुविधा उपलब्ध होती है, जबकि खाता खुलने के पांच वर्ष बाद आंशिक निकासी की अनुमति भी मिल जाती है. सुरक्षित निवेश, स्थिर रिटर्न और कर लाभ के कारण PPF को दीर्घकालिक वित्तीय योजना के लिए एक मजबूत विकल्प माना जाता है.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post
error: Content is protected !!